लखीसराय में 25 नवंबर को कृमिला महोत्सव सह लाली पहाड़ी महोत्सव का आयोजन

  • Post By Admin on Nov 26 2024
लखीसराय में 25 नवंबर को कृमिला महोत्सव सह लाली पहाड़ी महोत्सव का आयोजन

लखीसराय : बिहार के ऐतिहासिक नगरों में लखीसराय अपनी समृद्ध पुरातात्विक धरोहर के लिए प्रसिद्ध है। यह तीन प्रमुख नदियों गंगा, हरूहर और किउल के संगम पर स्थित है और प्राचीन सांस्कृतिक क्षेत्रों अंग, मगध और मिथिला के बीच स्थित है। जिले के पुरातात्विक महत्व को रेखांकित करते हुए बिहार सरकार ने यहां के छह महत्वपूर्ण स्थल को सुरक्षित स्थल घोषित किया है, जिनमें "लाली पहाड़ी" (जयनगर) प्रमुख है।

लाली पहाड़ी पर उत्खनन कार्य की शुरुआत 25 नवंबर 2017 को मुख्यमंत्री द्वारा की गई थी। तीन वर्षों के उत्खनन के बाद यहां "श्रीमद्धम्मविहार आर्यभिक्षु संघ" और "कृमिला अधिष्ठान" की संरचनाओं के भौतिक स्वरूप का पता चला है। इस उत्खनन के दौरान सैकड़ों मूर्तियां और प्राचीन भग्नावशेष भी प्राप्त हुए हैं, जिन्हें 5 जून 2023 को नवनिर्मित लखीसराय संग्रहालय में संकलित किया गया है।

इन ऐतिहासिक घटनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन, लखीसराय द्वारा "लाली पहाड़ी महोत्सव" (कृमिला महोत्सव) का आयोजन किया जा रहा है जो 25 नवंबर 2024 को होगा। इस महोत्सव के माध्यम से लखीसराय के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व को और अधिक रेखांकित किया जाएगा जिससे विश्वभर में इसके गौरवपूर्ण इतिहास को उजागर किया जा सके।