किसान कल्याण संवाद सह सम्मान कार्यक्रम आयोजित, उपमुख्यमंत्री ने की बड़ी घोषणाएं
- Post By Admin on May 10 2025
.jpg)
लखीसराय : जिले में आज किसान कल्याण संवाद सह युवा किसान सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें बिहार के उपमुख्यमंत्री सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर कृषि सचिव संजय कुमार अग्रवाल, विशेष सचिव डॉ. वीरेंद्र प्रसाद यादव, जिलाधिकारी मिथिलेश मिश्रा और निदेशक कृषि नितिन कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
किसानों की समस्याएं और मांगें हुईं साझा
कार्यक्रम के दौरान किसानों ने कृषि में किए जा रहे नवाचारों और वर्तमान चुनौतियों को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया। मशरूम उत्पादक श्रीमती दीपिका कुमारी ने स्थानीय स्तर पर बीज उत्पादन और बाजार सुविधा की मांग उठाई, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने बाजार समिति में मशरूम विक्रय के लिए स्थान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं, जैविक खेती करने वाले किसानों ने अलग बाजार और न्यूनतम समर्थन मूल्य की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्याज भंडारण और बीज उत्पादकों को राहत
प्याज भंडारण की समस्या पर कृषि सचिव ने 4.5 लाख रुपये तक के अनुदान की जानकारी दी। बीज उत्पादक मंजीत कुमार की मांग पर उपमुख्यमंत्री ने तत्काल भुगतान और अतिरिक्त 20 प्रतिशत प्रोत्साहन की घोषणा करते हुए बीज निगम को आवश्यक निर्देश दिए।
बड़ी घोषणाएं और नई योजनाएं
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने किसानों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:
-
दलहन विकास कार्यालय: बड़हिया में दलहन विकास कार्यालय की स्थापना।
-
आधुनिक कृषि बाजार: लखीसराय में 15 करोड़ की लागत से आधुनिक कृषि बाजार, जिसमें कोल्ड स्टोरेज, ऑनलाइन प्लेटफार्म और अन्य आधुनिक सुविधाएं होंगी।
-
सीड हब: हलसी कृषि फार्म में 1.5 करोड़ की लागत से सीड हब की स्थापना।
-
प्लग नर्सरी: 1.04 करोड़ की लागत से प्लग नर्सरी की स्थापना जिससे किसानों को कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता का पौधा मिलेगा।
-
शहद उत्पादन: चानन और सूर्यगढ़ा में वाइल्ड शहद उत्पादन को बढ़ावा।
-
रेल रैक प्वाइंट: लखीसराय में खाद आपूर्ति के लिए रेल रैक प्वाइंट की स्थापना प्रक्रिया पूर्ण।
-
बीज अनुदान: इस वर्ष किसानों को पिछले वर्ष से दोगुना बीज अनुदानित दर पर मिलेगा।
-
कृषि यंत्र बैंक: कस्टम हायरिंग सेंटर और कृषि यंत्र बैंक की स्थापना।
-
बागवानी योजना: आम, केला, पपीता, अंजीर आदि के पौधे, साथ ही मशरूम, मसाला, फूल, सब्जी बीज और विचड़ा किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे।
-
सूक्ष्म सिंचाई: ड्रिप और स्प्रिंकलर सिस्टम का बड़े पैमाने पर प्रसार।
-
जल संरक्षण: तालाब, कुएं और जल संचयन संरचनाओं का निर्माण।
किसानों की मेहनत को किया नमन
अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा, "किसान हमारे देश की रीढ़ हैं, उनकी मेहनत और संघर्ष को नमन करता हूँ। बिहार आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है और इसमें किसानों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।"
इस कार्यक्रम ने न केवल किसानों को सम्मानित किया बल्कि उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान के लिए ठोस कदम उठाने का संकल्प भी लिया। इन पहलों से लखीसराय समेत पूरे बिहार के किसानों को आत्मनिर्भर बनने में बड़ी मदद मिलेगी।