झारखंड के चाईबासा में आईईडी ब्लास्ट, सीआरपीएफ का एक जवान शहीद

  • Post By Admin on Jun 14 2025
झारखंड के चाईबासा में आईईडी ब्लास्ट, सीआरपीएफ का एक जवान शहीद

चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बार फिर नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है। शनिवार सुबह हुए आईईडी धमाके में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।

घटना की पुष्टि झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से की गई है। जानकारी के मुताबिक, झारखंड और ओडिशा की सीमा से सटे घने जंगलों में सुरक्षाबलों द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह हादसा हुआ। नक्सलियों ने सुबह करीब 6:30 बजे एक आईईडी ब्लास्ट कर दिया, जिससे सीआरपीएफ की 134 बटालियन के सब-इंस्पेक्टर (जीडी) सत्यवान कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल ओडिशा के राउरकेला स्थित अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पश्चिमी सिंहभूम पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, यह अभियान झारखंड और ओडिशा के सीमावर्ती इलाके, खासकर सारंडा और राउरकेला के जंगल क्षेत्रों में संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है। इस ऑपरेशन में सीआरपीएफ के साथ-साथ झारखंड पुलिस और ओडिशा पुलिस की विशेष ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) की टीमें भी शामिल हैं।

अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षाबलों को अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण सफलताएं मिली हैं और इलाके में नक्सल प्रभाव को कम करने की दिशा में यह अभियान निर्णायक साबित हो सकता है। फिलहाल, पूरे इलाके को घेर लिया गया है और सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।

इस हमले को नक्सलियों की बौखलाहट का परिणाम माना जा रहा है, क्योंकि बीते कुछ महीनों में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के खिलाफ कई अहम कार्यवाई की है और उनके नेटवर्क को कमजोर किया है।

झारखंड सरकार ने शहीद जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में नक्सल विरोधी कार्यवाई और भी तेज की जाएगी।