हिन्दी दिवस पर बड़हिया में साहित्यिक संगम, ‘नवलकंठ’ पत्रिका का विमोचन

  • Post By Admin on Sep 14 2026
हिन्दी दिवस पर बड़हिया में साहित्यिक संगम, ‘नवलकंठ’ पत्रिका का विमोचन

लखीसराय : जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन, लखीसराय के तत्वावधान में हिन्दी दिवस समारोह का आयोजन स्थानीय जगदम्बा हिन्दी पुस्तकालय, बड़हिया में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन के अध्यक्ष अरविंद कुमार भारती ने की। समारोह में साहित्यकारों और कवियों ने हिन्दी भाषा की महत्ता पर चर्चा करते हुए अपनी रचनाओं की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि भारत सरकार के सेवानिवृत्त सचिव सुनील कुमार सिंह, अध्यक्ष अरविंद कुमार भारती, बालिका विद्यालय विद्यापीठ के पूर्व प्रधानाचार्य शैलेन्द्र सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य सह पत्रकार राजेन्द्र राज, कार्यकारी अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह आजाद, प्रधानाध्यापक डॉ. रामप्रवेश सिंह, राजकीय सम्मान प्राप्त प्रधानाध्यापक पीयूष कुमार झा और जगदम्बा हिन्दी पुस्तकालय के सचिव सुरेश माधुर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मंच संचालन पीयूष कुमार झा ने किया।

समारोह के दौरान उपस्थित कवियों और साहित्यकारों को अंगवस्त्र, माला, पुस्तक, कलम, फोल्डर और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने ‘नवलकंठ’ पत्रिका का विमोचन भी किया। पत्रिका के प्रकाशन को साहित्यिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया गया। मुख्य अतिथि सुनील कुमार सिंह ने हिन्दी के व्यापक प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिन्दी घर-घर में बोली जाने वाली भाषा है और यह लोगों की मातृभाषा से जुड़ी हुई है। देश के अधिकांश हिस्सों में हिन्दी संपर्क और बोलचाल की भाषा के रूप में प्रचलित है। हिन्दी गीत और हिन्दी सिनेमा की लोकप्रियता देश की सीमाओं से बाहर भी है।

समारोह में दशरथ महतो, देवेंद्र सिंह आजाद, कामेश्वर यादव, सुनील कुमार बार्ड कमिश्नर, शैलेन्द्र सिंह, जीवन पासवान, राजेन्द्र राज, कोषाध्यक्ष रोहित कुमार, पीयूष कुमार झा, संयुक्त सचिव बलजीत कुमार, वीरेंद्र पाण्डेय, संपादक राजेश्वरी प्रसाद सिंह, राजकुमार, उमेश कुमार, अंकित कुमार, संरक्षक रामबालक सिंह, दया शंकर सिंह बेधड़क, राष्ट्रीय महासचिव ग्रेप्लिंग कुश्ती संघ सुबोध यादव, बाल कवि लक्ष्मी नारायण कृष्णा और अरविंद कुमार भारती सहित अन्य रचनाकारों ने अपनी-अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। प्रस्तुतियों के दौरान साहित्य और हिन्दी भाषा के प्रति लोगों की रुचि देखने को मिली। कार्यक्रम को सफल बनाने में संगीतकार जीतेन्द्र कुमार, रोहित कुमार, राजकुमार सहित अन्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा। अंत में जगदम्बा हिन्दी पुस्तकालय के सचिव सुरेश माधुर्य ने धन्यवाद ज्ञापन किया।