'हिंदी' भारत को एकता के सूत्र में बांधने वाली भाषा : डॉ. श्रवसुमी कुमारी
- Post By Admin on Sep 14 2026
लखीसराय : राष्ट्रीय हिन्दी दिवस के अवसर पर सोमवार को बड़हिया स्थित जगदंबा हिन्दी पुस्तकालय में आयोजित हिन्दी सप्ताह समारोह का समापन किया गया। कार्यक्रम में हिन्दी भाषा की उपयोगिता, व्यापकता और देश की एकता में इसकी भूमिका पर वक्ताओं ने विचार रखे। हिन्दी सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफल छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान से हुई। इसके बाद भारत सरकार के पंचायती राज विभाग के सेवानिवृत्त सचिव सुनील कुमार, जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता राजीव कुमार, जीडी कॉलेज बेगूसराय की हिन्दी व्याख्याता एवं मुख्य वक्ता डॉ. श्रवसुमी कुमारी और प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर अंजनी कुमार सिंह ने की, जबकि मंच संचालन शिक्षक घनश्याम कुमार ने किया। राजकीय सम्मान प्राप्त शिक्षक पीयूष कुमार झा ने मंगलाचरण और शंखनाद की प्रस्तुति दी। शिव गुरु कंप्यूटर सेंटर, बड़हिया की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। श्री रामप्रवेश कुमार ने स्वागत भाषण के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया।
जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि जगदंबा हिन्दी पुस्तकालय की ओर से हिन्दी सप्ताह का आयोजन सराहनीय पहल है। इस तरह के कार्यक्रमों से नई पीढ़ी में हिन्दी भाषा के प्रति रुचि और जागरूकता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पुस्तकालय के विकास और उन्नयन के लिए हरसंभव सहयोग करने के लिए तत्पर है। मुख्य वक्ता डॉ. श्रवसुमी कुमारी ने कहा कि हिन्दी देश की मातृभाषाओं में महत्वपूर्ण स्थान रखती है और विभिन्न भाषाओं एवं संस्कृतियों को अपने भीतर समाहित करने की क्षमता रखती है। हिन्दी भारत को एकता के सूत्र में बांधने वाली भाषा है। उन्होंने कहा कि हिन्दी के विकास से देश के सर्वांगीण विकास को भी नई दिशा मिल सकती है। हिन्दी को राष्ट्रभाषा के रूप में प्रतिष्ठित करने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। उन्होंने रोजगारपरक शिक्षा में हिन्दी के प्रभावी उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि इससे युवाओं में हिन्दी के प्रति आकर्षण और बढ़ेगा।
समारोह के दौरान हिन्दी सप्ताह के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के सफल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ा और हिन्दी से जुड़ी गतिविधियों में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम में पुस्तकालय अध्यक्ष शेखर कुमार, सचिव सुरेश प्रसाद सिंह, प्रतिभा चयन एकता मंच के उपाध्यक्ष डॉ. रामप्रवेश सिंह, परीक्षा नियंत्रक श्रवण कुमार, शिव गुरु कंप्यूटर सेंटर बड़हिया के निदेशक उमाशंकर सिंह, राजा कुमार, राहुल कुमार समेत पुस्तकालय कार्यकारिणी के सदस्य और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।