घोषैठ सहयोग शिविर में आयुक्त का दौरा, लाभुकों के बीच बांटे गए आयुष्मान और ई-श्रम कार्ड

  • Post By Admin on Sep 15 2026
घोषैठ सहयोग शिविर में आयुक्त का दौरा, लाभुकों के बीच बांटे गए आयुष्मान और ई-श्रम कार्ड

लखीसराय : ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर सरकारी सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से घोषैठ हाई स्कूल परिसर में आयोजित सहयोग शिविर का 15 सितंबर 2026 को मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आम लोगों से प्राप्त आवेदनों और समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में पहुंचने वाले लोगों की समस्याओं और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र लाभुकों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने शिविर में मौजूद ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं और जनोपयोगी सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से अपनी पात्रता के अनुसार संबंधित योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

इस दौरान आयुक्त ने विभिन्न लाभुकों के बीच सरकारी प्रमाण-पत्रों का वितरण भी किया। इनमें जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, ई-श्रम प्रमाण-पत्र, जॉब कार्ड, वंशावली प्रमाण-पत्र और आयुष्मान कार्ड शामिल रहे। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सहयोग शिविर के माध्यम से घोषैठ और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं से संबंधित सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगाने के बजाय शिविर में ही संबंधित विभागों से सहायता और सेवाएं प्राप्त करने का अवसर मिला।

कार्यक्रम में सूर्यगढ़ा विधानसभा के विधायक रामानंद मंडल, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम, जिला कल्याण पदाधिकारी अश्विनी कुमार चौबे, नजारत उपसमाहर्ता प्राची कुमारी सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।