सूर्य महोत्सव में छठ महापर्व की महत्ता पर जोर, शहर के गणमान्य रहे उपस्थित
- Post By Admin on Nov 04 2024

मुजफ्फरपुर : जिले के माड़ीपुर स्थित एक निजी बैंक्वेट हॉल में यादें इवेंट के बैनर तले भव्य सूर्य महोत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बिहार के प्रमुख और सर्वश्रेष्ठ त्योहार, छठ महापर्व की महिमा और महत्व को जन-जन तक पहुंचाना था। आयोजन के अध्यक्ष अविनाश तिरंगा और संयोजक सोनू सिंह ने बताया कि छठ पर्व न केवल श्रद्धा का प्रतीक है, बल्कि यह सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का भी एक माध्यम है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा बतौर मुख्य अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उनका कहना था कि छठ महापर्व बिहार की आस्था का प्रतीक है और ऐसे आयोजनों से इसकी महत्ता को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य होता है। उन्होंने इस पर्व को समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने वाला एक बंधन बताया और कहा कि ऐसे आयोजन बिहार की संस्कृति को सजीव रखते हैं। उन्होंने सूर्य भगवान को साक्षात देवता बताया। पूर्व मंत्री ने कहा कि ईश्वर की पूजा गणेश भगवान के साथ प्रारंभ की जाती है लेकिन सूर्य भगवान से ही देश का कल्याण हो सकेगा । उन्होंने कहा सूर्य भगवान की वजह से ही पर्यावरण का संरक्षण हो सकेगा ।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मंत्री सुरेश कुमार शर्मा, अमर पासवान, डॉ. संजय पंकज, कमलापति त्रिपाठी, डॉ. ममता रानी, डॉ. एच. एन भारद्वाज, डॉ. नवनीत शांडिल्य, किसान नेता अमर बाबू, अविनाश तिरंगा, सोनू सिंह, जुनैद खान और अन्य अतिथियों द्वारा किया गया, जो इस आयोजन का एक विशेष हिस्सा रहा। दीप प्रज्वलन के साथ छठ गीतों की प्रस्तुति ने माहौल को और भी भव्य बना दिया। इस अवसर पर शहर के कई प्रतिष्ठित गणमान्य लोग भी उपस्थित थे, जिन्होंने आयोजन की सराहना की और छठ महापर्व की महत्ता पर अपने विचार साझा किए।
इस आयोजन से यह संदेश दिया गया कि छठ केवल एक पर्व नहीं है, बल्कि हमारी परंपरा, संस्कृति और सामूहिकता का प्रतीक है, जो पीढ़ियों से बिहार और देश की समृद्धि को दर्शाता है। आयोजकों ने इसे आगामी वर्षों में और भव्य रूप से मनाने का संकल्प लिया, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ भी इस महापर्व के महत्व को समझ सकें।