वृद्धाश्रम में कंबल व खाद्य सामग्री का वितरण, वृद्धजनों ने दिया आशीर्वाद

  • Post By Admin on Jan 01 2025
वृद्धाश्रम में कंबल व खाद्य सामग्री का वितरण, वृद्धजनों ने दिया आशीर्वाद

मुजफ्फरपुर : जिले के मिठनपुरा स्थित वृद्धाश्रम में नव वर्ष के अवसर पर सोशल वर्कर फॉर विमेन इम्पावरमेंट संस्था की ओर से जरूरतमंद वृद्धजनों के बीच कंबल और खाद्य सामग्री वितरित की गई। इस पहल का उद्देश्य ठंड के मौसम में बेसहारा बुजुर्गों को राहत पहुंचाना और उनके जीवन में खुशियां लाना था।  

कार्यक्रम में संस्था की संचालिका बबली कुमारी के साथ मोनिका अरोड़ा, सुजाता सिन्हा, ज्योतिका, मंजू शर्मा, डॉ. मन्जय, राकेश कुमार, पावनी और श्रुतिश्रेया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। वितरण के दौरान बुजुर्गों ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया।  

संस्था की संचालिका बबली ने कहा, "वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की सेवा करना हमारा कर्तव्य है। ठंड के इस मौसम में हम चाहते हैं कि उन्हें किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसी उद्देश्य से हमने कंबल और खाने-पीने का सामान वितरित किया है।"  

संस्था के अन्य सदस्यों ने भी इस तरह की सेवाओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बुजुर्गों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल बताया। इस अवसर पर कई बुजुर्गों की आंखों में खुशी और भावुकता के आंसू देखे गए। संस्था ने आगे भी इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का वादा किया।