किऊल स्टेशन पर रेलवे पुलिस की कार्रवाई, यात्री से छीना गया मोबाइल बरामद
- Post By Admin on Oct 14 2026
लखीसराय : किऊल रेलवे स्टेशन पर यात्री का मोबाइल फोन झपटकर फरार होने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से यात्री का छीना गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है।
रेलवे से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 18183 के किऊल स्टेशन से रवाना होने के बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने यात्री का मोबाइल फोन झपट लिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मामले की जानकारी जुटाई गई। मुखबिर से मिली सूचना और स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों से प्राप्त तस्वीरों के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया गया।
इसी क्रम में 14 अक्टूबर को निरीक्षक प्रशांत कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रमेश कुमार और अन्य कर्मी यात्रियों के सामान की चोरी रोकने के उद्देश्य से किऊल स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या तीन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान शाम करीब 4:30 बजे संदिग्ध युवक प्लेटफॉर्म पर घूमता दिखाई दिया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान गुलशन कुमार (24), पिता उदय पासवान, निवासी खगौर, थाना किऊल, जिला लखीसराय के रूप में की गई है। तलाशी के दौरान उसके पास से कथित तौर पर घटना में छीना गया वीवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4:40 बजे उसे गिरफ्तारी का कारण बताते हुए हिरासत में लिया गया।
रेलवे पुलिस की रिपोर्ट के मुताबिक, पूछताछ के दौरान युवक ने उसी दिन एक व्यक्ति से मोबाइल छीनकर भागने की बात स्वीकार की। मोबाइल धारक को घटना और बरामदगी के संबंध में सूचना दे दी गई है। उपनिरीक्षक रमेश कुमार के लिखित आवेदन के आधार पर राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी), किऊल में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेलवे पुलिस ने बताया कि जांच की प्रगति से संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।