लखीसराय : कृषि विभाग द्वारा जिले के चार प्रखंडों के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में हुए फसल क्षति का प्रारंभिक आकलन पूरा कर लिया गया है। जिला कृषि पदाधिकारी सुबोध कुमार सुधांशु ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों में फसल क्षति की रिपोर्ट मांगी गई है, जिसके लिए कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मियों की छुट्टियां अगली सूचना तक रद्द कर दी गई हैं।
लखीसराय जिला कृषि विभाग द्वारा किए गए प्रारंभिक आकलन के अनुसार पिपरिया, बड़हिया, लखीसराय और सूर्यगढ़ा प्रखंड क्षेत्रों में लगभग 15 हजार हेक्टेयर भूमि पर लगी फसलें प्रभावित हुई हैं, जिनका कुल अनुमानित मूल्य 2 से 3 करोड़ रुपये के बीच है। प्रभावित फसलों में मुख्य रूप से मक्का, ज्वार, धान, सोयाबीन, सब्जियां, मिलेट्स और अन्य फसलें शामिल हैं।
फसल क्षति के आकलन के लिए ग्रामों में किसान सलाहकार और कृषि समन्वयक द्वारा जीपीएस फोटो ली जा रही हैं। पानी के उतरने के बाद किसानवार और फसलवार विस्तृत आकलन किया जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
जिला कृषि पदाधिकारी के अनुसार, पिपरिया प्रखंड क्षेत्र में लगभग सभी फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं। इस क्षेत्र में मौसम आधारित खेती की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है, खासकर मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने की योजना बनाई जा रही है। गहन आकलन के लिए किसानवार फसल क्षति के सर्वेक्षण का कार्य तेजी से किया जा रहा है।




















