मुजफ्फरपुर : पूरे विश्व के आर्थिक मंदी के दौर में जब भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही थी उस समय डॉ. मनमोहन सिंह का नेतृत्व और उनकी नीतियां मील का पत्थर साबित हुईं। उक्त बातें कांग्रेस के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने तिलक मैदान स्थित जिला कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर आयोजित शोक सभा में कहीं।

उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने भारत को खाद्य सुरक्षा कानून, सूचना का अधिकार, मनरेगा, शिक्षा का अधिकार जैसे महत्वपूर्ण कानून दिए, जो आज भी देश की जनता के अधिकारों की रक्षा करते हैं। शोक सभा में उपस्थित नगर विधायक विजेंद्र चौधरी ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने बड़े खामोशी से अपने कार्यों को अंजाम दिया और राजनीतिक विरोधियों को जवाब दिया। उन्होंने अपनी दस साल की गठबंधन सरकार के दौरान काजल की कोठरी से बाहर निकलकर भी अपने कार्यों में कोई कच्ची कड़ी नहीं छोड़ी और पूरी ईमानदारी से काम किया।

कांग्रेस जिलाप्रवक्ता समीर कुमार ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने विरोधियों के गहरे व्यक्तिगत हमलों के बावजूद देश की सेवा में अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान जब मोदी सरकार को आर्थिक सुधार के लिए सलाह दी थी, तो डॉ. मनमोहन सिंह ने भविष्यवाणी की थी कि यदि अर्थव्यवस्था को सुधारने के उपाय नहीं किए गए तो जीडीपी में दो प्रतिशत की गिरावट आएगी, जो बाद में हुआ। यह दर्शाता है कि वे कितने दूरदर्शी थे।

शोक सभा में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता उपस्थित थे। जिनमें सकरा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी उमेश कुमार राम, धर्मवीर शुक्ला, केदार सिंह पटेल, रिजवान अहमद एजाजी, डॉ. शंभू राम, विकास कुमार टुल्लु, कौशल किशोर चौधरी, रितेश कुमार सिन्हा, संजू, सविता श्रीवास्तव, सुरेश चंद्रवंशी, मोजक्कीर रहमान, त्रिभुवन पटेल, रविशंकर राय, ओंकार नाथ चौधरी, रामनरेश मिश्र, सुबोध कुमार चौधरी, आशा देवी, चंद्रशेखर प्रसाद सिंह, सुधा देवी, रामविलास राय, संजय कुमार, मो. चाँद सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. मनमोहन सिंह की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई और उनके योगदान को याद करते हुए सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।