देर रात सो रहा था शहर तो भारत विकास परिषद के कार्यकर्ता ओढ़ा रहे थे कंबल

  • Post By Admin on Jan 07 2023
देर रात सो रहा था शहर तो भारत विकास परिषद के कार्यकर्ता ओढ़ा रहे थे कंबल

बेगूसराय : वर्ष 2023 के प्रथम दिन से लगातार पड़ रही हार कंपाने वाली ठंड से लोगों को बचाने के लिए एक ओर प्रशासन, जनप्रतिनिधि और विभिन्न संगठनों द्वारा अलाव की व्यवस्था की जा रही है। दूसरी ओर प्रशासन के साथ-साथ विभिन्न समूह एवं संगठन भी कंबल वितरण अभियान में जुट गए हैं।

इसी कड़ी में बीते रात भी भारत विकास परिषद की बेगूसराय शाखा के महान नेतृत्व ने 12 जनवरी से पहले कंबल वितरण कार्यक्रम किया गया। शीत लहर से जब पूरा बिहार थर्राया है तो स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन के पूर्व शुरू किए गए कंबल वितरण कार्यक्रम के तहत आधी रात को कड़ी ठंड में सुन्न पड़े वास्तविक जरूरतमंदों में वितरण किया गया। देर रात जब ठंड के कारण लोग अपने घरों में दुबके हुए थे तो कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, रैन बसेरा, लोहिया नगर गुमटी, टाउन हॉल के समीप, काली स्थान चौक के समीप, सुभाष चौक के समीप, ज्ञान भारती स्कूल के समीप एवं कपस्या चौक के समीप जाकर गरीबों को कंबल उपलब्ध करा कर उन्हें ठंड से राहत दिलाई।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांतीय समाजिक सद्भावना प्रमुख और आईएमए के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. कांति मोहन सिंह ने बताया परिषद के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज राय, शाखा कोषाध्यक्ष और युवा अमन कुमार ने आधी रात को ऐसी कंपकंपाती ठंड में ऐसा शानदार और थकाऊ कार्य किया। शाखा अध्यक्ष प्रो. आशा सिंह के नेतृत्व में हुए बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार इन लोगों ने अपनी पहचान बताए बगैर जरूरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराया है।

सभी सक्षम लोगों से अपील है कि वे आगे आएं और 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद के जन्मदिन की पूर्व ऐसे जरूरतमंदों के बीच अधिक से अधिक कंबल वितरित करने के लिए उदारतापूर्वक सहयोग करें। स्वामी जी के महान स्वप्न को साकार करने के लिए सभी लोग आगे आएं।