सिर्फ पार्षद नहीं, जनता की बोर्ड के निर्णय से बेगूसराय बनेगा मॉडल नगर निगम : महापौर

  • Post By Admin on Jan 03 2023
सिर्फ पार्षद नहीं, जनता की बोर्ड के निर्णय से बेगूसराय बनेगा मॉडल नगर निगम : महापौर

बेगूसराय: बिहार की औद्योगिक राजधानी बेगूसराय का नगर निगम क्षेत्र शीघ्र नए और व्यवस्थित स्वरूप में दिखेगा। पूरे शहर में सीसीटीवी लगाए जाने के साथ-साथ ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाए जाएंगे, ताकि किसी भी घटना की सूचना एक साथ पूरे क्षेत्र के लोगों को त्वरित गति से मिले।

नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए सिर्फ निगम बोर्ड ही कार्य नहीं करेगी, बल्कि शहर के दो सौ से अधिक लोगों की एक और कमेटी बनेगी, जिसके अनुशंसा पर तमाम कार्य किए जाएंगे। यह बातें नवनिर्वाचित महापौर पिंकी देवी ने बीते रात होटल विशाल में आयोजित व्यापारियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कही। महापौर ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जनता ने जिस तरह से आपार विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरूंगी। किसी भी शहर के व्यापारी महिला की मांग के सिंदूर की तरह होते हैं और उन्हीं से पता चलता है कि शहर कितना विकसित हुआ और कैसा विकसित होने वाला है। राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जन्म भूमि और बिहार केसरी डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की कर्मभूमि बेगूसराय के शहर वासियों ने काफी कष्ट उठाया है। शहर की तमाम सड़कें सीवरेज और नल जल आदि के नाम पर तोड़ दी गई है। लेकिन अब शहर की कोई भी सड़क, पूर्व में टूटी सड़क की मरम्मती के बाद ही टूटेगी। निर्माण करने वाली एजेंसी सड़क को खोदने से पहले विभिन्न समाचार माध्यम से लोगों को सूचना देगी तथा उक्त जगह पर बोर्ड भी लगाया जाएगा कि कितने दिनों में ठीक हो जाएगा, ताकि लोग अलर्ट रहेंगे। अभी हालत यह है कि रात में सोते समय तो सब कुछ ठीक रहता है, लेकिन सुबह उठते हैं तो बड़ा सा गड्ढा रहता है, यह सिस्टम नहीं चलेगा।

इस मुद्दे को लेकर डीएम से बात हुई है और उन्होंने निर्माण एजेंसी और अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया है। शहर को जाम से मुक्त कराना प्राथमिकता है तथा ई-रिक्शा का रूट निर्धारण करने के साथ व्यवसायी के साथ बैठक कर विस्तृत योजना बनाई जाएगी। बोर्ड की पहली बैठक में सबसे पहले पूरे शहर में सीसीटीवी लगाने की योजना पारित की जाएगी और यह काम तुरंत होगा। पूरे शहर में ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाए जाएंगे, इसकी निगरानी नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के समन्वय से होगा। ताकि कोई भी घटना होने पर पूरे शहर को एक साथ जानकारी मिले, एंबुलेंस के फंसने की जानकारी मिलते ही तुरंत निकाला जाए, अपराधी के भागने की जानकारी मिलेगी तो प्रशासन और पब्लिक सामना करेगी। पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बात हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि हम लोग परस्पर सहयोग से बेगूसराय को बेहतर बनाएंगे। महापौर ने कहा कि जनता की सरकार है, बोर्ड में 45 नगर पार्षद एवं महापौर और उपमहापौर रहेंगे। इसके अलावा जनता के बोर्ड का गठन किया जाएगा, जिसमें कम से कम दो सौ लोग रहेंगे। जनता के बोर्ड की बैठक प्रत्येक माह होगी तथा नगर निगम के बोर्ड के बैठक से एक दिन पहले होगी। इसी बोर्ड के निर्णय के आधार पर प्राथमिकता तय करते हुए नगर निगम का बोर्ड निर्णय लेगी, इससे कोई आरोप नहीं लगेगा। रिफाइनरी प्रबंधन से शहर में सबसे पहले एक अच्छा पार्क बनाने की योजना पर बातें हुई है, उन्होंने सकारात्मक आश्वासन दिया है। बेगूसराय में नगर आयुक्त नहीं रहने के कारण कार्य प्रभावित था। सोमवार को बिहार सरकार ने बेगूसराय में मनोज कुमार के रूप में नगर आयुक्त का पदस्थापन कर दिया है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व महापौर संजय कुमार ने कहा कि पहली बार नगर में जनता के द्वारा चुनी हुई सरकार बनी है। आपका सेवक आपके द्वार पिंकी देवी-संजय कुमार का नारा चरितार्थ होगा। शहर वासियों को एक मेयर के साथ एक मेयर फ्री मिला है, हमेशा से हम तस्वीर बदलने का काम किए हैं और 24 घंटा जगकर भी बेगूसराय की सूरत बदलेंगे। सेवक काम करता है, झूठ नहीं बोलता है। हमारे हटने के बाद जो मेयर बने उन्होंने काफी आरोप लगाए, हम सभी आरोपों पर कहते रहे कि सार्वजनिक जगह पर नगर वासियों के सामने आएं और हम अपनी बात रखेंगे, लेकिन वह कभी सामने नहीं आए। बेगूसराय को जान-बूझकर नरक बना दिया गया।

2014 में जब हम मेयर थे तो नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव अमृतलाल मीणा बेगूसराय नौलखा मंदिर आए थे। समिति की स्वीकृति पार्क बनाने की स्वीकृति मिली, डीपीआर बना और पांच करोड़ आठ लाख का आवंटन आया। बाघा ठाकुरबाड़ी ने भी जमीन देने की स्वीकृति दी तो दो करोड़ 22 लाख का प्राक्कलन बनकर पैसा भी आ गया। गांधी स्टेडियम के लिए एक करोड़ 82 लाख का एस्टीमेट बना, 92 लाख आ भी गया। लेकिन हमारे हटते ही पैसा के बल पर मेयर बने लोग ने उस कार्य को रोक दिया। अब जनता ने सरकार बनाई है तो सभी कार्य सुव्यवस्थित तरीके से होगा, स्वच्छ नगर निगम, सुंदर निगम बेगूसराय बिहार का मॉडल नगर निगम बनेगा। कार्यक्रम का संचालन मुकेश जैन ने किया।