बाबूजी की विरासत ने यूपी को विकास व सुशासन की राह दिखाई : मुख्यमंत्री योगी
- Post By Admin on Aug 21 2025

अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व मुख्यमंत्री स्व. कल्याण सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित हिंदू गौरव दिवस कार्यक्रम में उन्हें नमन करते हुए कहा कि ‘बाबूजी’ की विरासत ही आज प्रदेश के विकास और सुशासन की आधारशिला बनी है।
सीएम योगी ने कहा कि छोटे किसान परिवार में जन्मे कल्याण सिंह का जीवन भारतीय संस्कृति और राष्ट्रवाद को समर्पित रहा। शिक्षक और भाजपा कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने सदैव राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि 1990 और 1996 के कार्यकाल में कल्याण सिंह ने उत्तर प्रदेश में सुशासन और विकास का मजबूत ढांचा खड़ा किया, जो आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार के जरिए नई ऊंचाइयों तक पहुंच रहा है।
उन्होंने याद किया कि 1992 में कांग्रेस सरकार ने अलोकतांत्रिक तरीके से उनकी सरकार बर्खास्त की, लेकिन बाबूजी ने बिना हिचकिचाहट राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए अपना पद बलिदान कर दिया। विवादित ढांचा गिरने के बाद उन्होंने पूरी जिम्मेदारी उठाते हुए श्रीराम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया।
योगी ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग कभी दंगे भड़काते थे और हिंदू त्योहारों पर रोक लगाते थे, वही आज समाज को ‘पीडीए’ के नाम पर बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को मतदाता बनाने की साजिश करता है, जबकि भाजपा हमेशा हिंदुओं, दलितों और पिछड़ों के साथ खड़ी रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश दंगे, माफिया और भ्रष्टाचार से त्रस्त था, लेकिन बीते साढ़े आठ वर्षों में यूपी दंगा-मुक्त और माफिया-मुक्त हुआ है। उन्होंने दावा किया कि अब हजारों युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत पुलिस बल में अवसर मिल रहा है, जो पहले असंभव था।
योगी ने कहा कि बुलंदशहर मेडिकल कॉलेज, लखनऊ का सुपर स्पेशलिटी कैंसर हॉस्पिटल और लखनऊ में स्थापित बाबूजी की प्रतिमा जैसे संस्थान उनकी स्मृति को जीवंत रखते हैं। यही उनके आदर्शों को सच्ची श्रद्धांजलि है।