भारत माता तेरी विजय कविता से गूंजा अफ्रीका, मुजफ्फरपुर के लाल ने किया कमाल 

  • Post By Admin on Oct 25 2024
भारत माता तेरी विजय कविता से गूंजा अफ्रीका, मुजफ्फरपुर के लाल ने किया कमाल 

मुजफ्फरपुर : देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बीते सप्ताह अफ्रीका के दौरे पर थीं, जहां उन्होंने 17 अक्तूबर की शाम अफ्रीका के मालवी में भारतीय मूल के करीब 600 से अधिक लोगों से मुलाकात की। इस विशेष कार्यक्रम में मुजफ्फरपुर के अलकापुरी निवासी इंजीनियर और साहित्यकार दिनेश प्रसाद सिन्हा भी मौजूद थे। उन्हें मालवी के हाई कमिशन की ओर से विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में बुलाया गया था और उन्होंने राष्ट्रपति मुर्मू के साथ मंच साझा किया।

इस अवसर पर दिनेश प्रसाद सिन्हा ने राष्ट्रपति मुर्मू के सम्मान में अपनी पुस्तक से एक कविता 'भारत माता तेरी विजय, सदा विजय...' का पाठ किया, जिसे तीन मिनट 30 सेकेंड तक मंच से प्रस्तुत किया। उनकी कविता ने राष्ट्रपति मुर्मू समेत वहां उपस्थित भारतीय मूल के लोगों को प्रभावित किया। इस दौरान उन्होंने हिंदी के उत्थान और इसके वैश्विक महत्व पर भी विचार व्यक्त किए।

मालवी में हिंदी ने दी एक नई पहचान: दिनेश प्रसाद सिन्हा

दिनेश प्रसाद सिन्हा ने बातचीत में बताया कि वह पेशे से इंजीनियर हैं और वर्तमान में एक बीमा कंपनी में बीमा निदेशक के पद पर कार्यरत हैं। हालांकि, अफ्रीका के मालवी में उन्हें एक साहित्यकार के रूप में ज्यादा पहचान मिली है। हिंदी के प्रति उनके प्रेम और योगदान को देखते हुए अफ्रीका सरकार ने उन्हें कई सम्मान भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन से ही हिंदी से उनका गहरा जुड़ाव रहा है और आगे भी वह हिंदी के उत्थान के लिए काम करते रहेंगे।

दिनेश प्रसाद सिन्हा ने इस बात पर गर्व व्यक्त किया कि अफ्रीका के मालवी में हिंदी ने उनकी पहचान को मजबूत किया है और अब वहां के लोग उन्हें बीमा निदेशक से ज्यादा एक साहित्यकार के रूप में जानते हैं।