मुजफ्फरपुर : 5 बच्चों की डूबने से मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा

  • Post By Admin on Aug 18 2025
मुजफ्फरपुर : 5 बच्चों की डूबने से मौत, मुख्यमंत्री ने जताया शोक, मुआवजे की घोषणा

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुजफ्फरपुर जिले के कटरा थाना क्षेत्र के खंगुराडीह-बंधपुरा झील में नहाते समय पांच बच्चों की डूबने से हुई मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताया और मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों को धैर्य और साहस बनाए रखने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रत्येक को चार-चार लाख रुपए का अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिए। इसके बाद जिलाधिकारी मुजफ्फरपुर ने तुरंत परिजनों को राशि का भुगतान चेक के माध्यम से कर दिया।

हादसे के विवरण के अनुसार, कटरा प्रखंड के गोरधुआ चौर में मछली पकड़ने के लिए बाड़ बना हुआ था। बच्चे उसी बांस पर चढ़कर चौर के पानी में नहाने गए। इसी क्रम में एक लड़का डूबने लगा, जिसे बचाने की कोशिश में सभी पांच बच्चे पानी में डूब गए। चार घंटे की मशक्कत के बाद सभी पांचों के शव पानी से निकाले गए। मृतकों की उम्र 13 से 14 साल के बीच थी और सभी खंगुराडीह गांव के ही निवासी थे। इस घटना से गांव में मातम छा गया है।

मृतकों की पहचान मोहम्मद अनस, मोहम्मद हिदायतुल्ला, मोहम्मद हमजा अली, मोहम्मद रहमान और मोहम्मद अबू तालिम के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, करीब 25 साल पहले भी इसी इलाके में नाव दुर्घटना में सात लोगों की मौत हुई थी, जिसमें दो बच्चे शामिल थे। बारिश के मौसम में नदियों और तालाबों का जलस्तर बढ़ा होने के कारण यह क्षेत्र जोखिमपूर्ण बन गया है।

मुख्यमंत्री ने राज्य में बच्चों की सुरक्षा और जल स्रोतों के आसपास सतर्कता बढ़ाने पर जोर देने की भी आवश्यकता जताई है।