25 वर्षीय विवाहिता ने की आत्महत्या, पति के अवैध संबंध बने वजह
- Post By Admin on Dec 09 2024

रांची : पंडरा बनहोरा निवासी 25 वर्षीय शालिनी टोप्पो ने रविवार को कीटनाशक पीकर आत्महत्या कर ली। शालिनी चान्हो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नर्स के पद पर कार्यरत थी। वह कांके थाना क्षेत्र के टंगरा टोली बाजार टांड़ निवासी सुनील टोप्पो की बेटी थी। शालिनी की शादी जनवरी 2022 में पंडरा बनहोरा के रवि विकास तिर्की से प्रेम विवाह के तहत हुई थी।
पारिवारिक विवाद ने छीनी जिंदगी
शालिनी के परिजनों के अनुसार, उसके पति का किसी अन्य महिला के साथ अफेयर था। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। कुछ महीनों पहले दोनों पक्षों के बीच इस विवाद को सुलझाने के लिए बैठक भी हुई थी। परिजनों ने शालिनी को समझा-बुझाकर ससुराल वापस भेज दिया था लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
जहर पीकर दी जान
शनिवार की शाम चान्हो सीएचसी में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद शालिनी ने कीटनाशक पी लिया। इसके बाद वह मांडर मरियम टोली स्थित अपनी बहन के ससुराल पहुंची। वहां उसने अपने बैंक पासबुक, एटीएम और अन्य दस्तावेज सौंपते हुए जहर पीने की बात बताई। शालिनी की तबीयत बिगड़ने पर उसे मांडर मिशन के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान रविवार को उसकी मौत हो गई।
परिवार में शोक की लहर
शालिनी की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। उन्होंने पति पर शालिनी को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।