145 दिव्यांग छात्र-छात्राओं को मिला ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर सहित सहाय उपकरणों का वितरण
- Post By Admin on Jun 28 2024

मुजफ्फरपुर : जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने 145 दिव्यांग छात्र-छात्राओं के बीच ट्राई साइकिल, व्हीलचेयर सहित 145 सहाय उपकरणों का वितरण किया। यह वितरण जिला स्कूल खेल मैदान परिसर में समावेशी शिक्षा के तहत आयोजित समारोह में हुआ। श्री सेन ने दिव्यांग बच्चों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
समारोह में उपस्थित 145 दिव्यांग बच्चों को उनकी विकलांगता के अनुसार उपकरण प्रदान किए गए। प्रखंड स्तर पर कार्यरत संसाधन शिक्षकों ने इन बच्चों को चिन्हित कर सूची तैयार की थी, जिसके आधार पर जिला स्तर पर चयनित 169 बच्चों में से 145 को यह उपकरण वितरित किए गए।
दिव्यांग बच्चों के लिए कानपुर की एलिमको कम्पनी से आवश्यकता के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण उपकरण खरीदे गए थे। वितरण किए गए उपकरण निम्न प्रकार के थे:
ट्राई साइकिल (बड़ा): 15, ट्राई साइकिल (छोटा): 13, व्हीलचेयर (बड़ा): 14, व्हीलचेयर (छोटा): 12, श्रवण यंत्र: 50 जोड़ी, ब्रेल कीट: 15, स्मार्ट केन: 05, सी.पी. व्हीलचेयर: 10, रोलाटर (बड़ा): 07, रोलाटर (छोटा): 04 । जिला पदाधिकारी ने दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा और कार्यक्षमता की सराहना की और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे समावेशी शिक्षा के तहत बच्चों को अन्य सुविधाएं भी प्रदान करें।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त आशुतोष द्विवेदी, जिला शिक्षा पदाधिकारी अजय कुमार सिंह और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।