केंद्रीय विद्यालय झपहां में मनाया गया 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, नारी सशक्तिकरण रही थीम
- Post By Admin on Jun 22 2025

मुजफ्फरपुर : केंद्रीय विद्यालय सीआरपीएफ कैंप झपहा में शनिवार को 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम दो सत्रों में—प्रातः 8 बजे से 9 बजे तथा 10 बजे से अपराह्न 12 बजे तक—आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों, शिक्षकों और योगप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मंजू देवी सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षक श्री अरविंद कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्राचार्या का स्वागत किया। तत्पश्चात श्री संजीत कुमार ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे भारतीय संस्कृति का वैज्ञानिक उपहार बताया जो शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन को साधता है।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों ने विभिन्न योग आसनों, प्राणायाम तथा ध्यान तकनीकों का अभ्यास किया। योग सत्र का संचालन खेल प्रशिक्षक श्री अरविंद कुमार ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को योग क्रियाओं का अभ्यास कराते हुए उनके वैज्ञानिक पहलुओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "नारी सशक्तिकरण" रही। इस संदर्भ में योग प्रशिक्षक ने विशेष व्याख्यान देते हुए महिलाओं और बालिकाओं के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य पर गहन जानकारी साझा की। "शरीरमाद्यं खलु धर्मसाधनम्" श्लोक का उल्लेख करते हुए उन्होंने नारी स्वास्थ्य को समाज व राष्ट्र की प्रगति का आधार बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षिका श्रीमती नीलम कुमारी ने किया। इस मौके पर विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक बी.के. सिंह, प्रकाश गुप्ता, ओम प्रकाश, कामोद पाठक, अर्चना रॉय, अंजना शर्मा समेत समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली और नारी सशक्तिकरण के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।