गोंडा बोलेरो वाहन हादसे में 11 की मौत : राष्ट्रपति-प्रधानमंत्री ने जताया शोक, आर्थिक सहायता का ऐलान
- Post By Admin on Aug 03 2025
.jpg)
गोंडा : उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। देवीपाटन मंडल के कमिश्नर शशिभूषण के अनुसार, बोलेरो वाहन के अनियंत्रित होकर नहर में गिरने से अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि चार अन्य घायल हैं। सभी लोग सीहागांव (मोतीगंज थाना क्षेत्र) के निवासी थे और पृथ्वीनाथ मंदिर जल चढ़ाने जा रहे थे।
इस हृदयविदारक घटना पर देश के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा शोक जताया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्ववर्ती ट्विटर) पर लिखा, "गोंडा, उत्तर प्रदेश में हुई वाहन दुर्घटना में अनेक लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि घायल शीघ्र स्वस्थ हों।"
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50,000 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा 'एक्स' पर साझा संदेश में कहा गया:
"उत्तर प्रदेश के गोंडा में हुए हादसे में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।"
घटना पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा: "गोंडा की दुर्घटना अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज और शीघ्र राहत कार्य के निर्देश दिए गए हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति और परिवारजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।"
स्थानीय स्तर पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन के नहर में गिरने की तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों और प्रशासन की संयुक्त कोशिशों से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पूरे इलाके में शोक की लहर है। जिला प्रशासन ने मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचित कर दिया है। घटना की जांच जारी है।