वोटर अधिकार यात्रा : 12वें दिन सीतामढ़ी पहुंचे राहुल गांधी, जानकी मंदिर में की पूजा-अर्चना
- Post By Admin on Aug 28 2025

सीतामढ़ी : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में बिहार महागठबंधन द्वारा निकाली गई वोटर अधिकार यात्रा गुरुवार को 12वें दिन सीतामढ़ी पहुंची। यात्रा की शुरुआत जानकी मंदिर से हुई, जहां राहुल गांधी ने गर्भगृह में जाकर माता जानकी की पूजा-अर्चना की और देश की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर के पुजारी ने उन्हें मंदिर का ऐतिहासिक महत्व और परंपरा की जानकारी दी।
राहुल गांधी के साथ सांसद पप्पू यादव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और महागठबंधन के कई प्रमुख नेता मौजूद थे। सभी ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की और माता जानकी का आशीर्वाद लिया।
आज की यात्रा का रूट सीतामढ़ी से रीगा मिल चौक, मनियारी चौक और बैरगनिया होते हुए ढाका तक निर्धारित है। इसके बाद आज़ाद चौक, मोतिहारी रोड, चिरैया विधानसभा छतौनी और गांधी चौक होते हुए यात्रा मोतिहारी के महात्मा गांधी प्रेक्षागृह पहुंचेगी। यहां राहुल गांधी संविधान सम्मेलन को संबोधित करेंगे। देर शाम वे बेतिया पहुंचेंगे और रात्रि विश्राम करेंगे।
गौरतलब है कि विपक्ष इस यात्रा के जरिए मतदाता सूची से नाम काटे जाने और चुनावी धांधली के आरोपों को प्रमुखता से उठा रहा है। साथ ही, सरकार के खिलाफ बदलाव का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। इस यात्रा में राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी एकजुटता दिखाने के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी शामिल हुए हैं। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव और महागठबंधन के अन्य दलों के नेता भी लगातार राहुल गांधी के साथ यात्रा में भाग ले रहे हैं।
राहुल गांधी की वोटर अधिकार यात्रा 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी। 16 दिन चलने वाली यह यात्रा लगभग 20 जिलों से होकर गुजरेगी और करीब 1,300 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यात्रा का समापन 1 सितंबर को पटना में प्रस्तावित बड़ी रैली के साथ होगा।