जन सुराज के प्रदेश ने भरी हुंकार, संगठन विस्तार पर दिया जोर
- Post By Admin on Dec 18 2024

मुजफ्फरपुर : बिहार में जन सुराज पार्टी को मजबूत करने की कवायद तेज करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती मंगलवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे। कुढ़नी प्रखंड के तुर्की चौक स्थित बी.एड कॉलेज पर गाजे-बाजे के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने जिला पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यवाहक समिति की बैठक में हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मनोज भारती ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने का मंत्र दिया और आगामी 2025 के विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा, "गलती करना प्रकृति है, गलती मानना संस्कृति है और गलती को सुधार करना प्रगति है।" उन्होंने विश्वास जताया कि 2025 के चुनाव में जन सुराज पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी और जनता का पूरा समर्थन पार्टी को मिलेगा।
मनोज भारती ने बिहार की राजनीति में बढ़ते भ्रष्टाचार पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "हमें ऐसे लोगों की जरूरत है जो बिहार को बदलने की भावना रखते हों। बदलाव की लड़ाई कठिन जरूर है, लेकिन सबसे पहले हमें खुद को बदलना होगा, तभी हम जनता की सोच में परिवर्तन ला सकेंगे।"
इस मौके पर जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के साथ राज्य कोर कमिटी के सदस्य कन्हैया सिंह, जिला अध्यक्ष इंद्रभूषण सिंह, जिला महासचिव सुदर्शन मिश्रा, युवा अध्यक्ष अनमोल ठाकुर, कार्यालय प्रभारी नदीम खान, जिला प्रवक्ता अब्दुल माजिद, मीरा कुमैदी, पूर्व विधायक सुरेश चंचल और संजय केजरीवाल सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।
मनोज भारती के दौरे से पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए नए संकल्प लिए गए।