सुदर्शन रेड्डी ने सियासी आरोपों को किया खारिज, उपराष्ट्रपति पद को बताया संवैधानिक जिम्मेदारी
- Post By Admin on Sep 04 2025
.jpg)
पटना : इंडिया ब्लॉक गठबंधन की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना पहुंचे। उनका स्वागत राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव और वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने किया। इस अवसर पर सियासी माहौल के बीच उनके स्वागत ने राजनीतिक हलकों में भी चर्चा को जन्म दिया।
तेजस्वी यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मुझे पूरा विश्वास है कि सुदर्शन रेड्डी संविधान की रक्षा करेंगे और सदन के कामकाज को भी बेहतर तरीके से संचालित करेंगे। लोकतंत्र की जननी उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को सम्मान देती है।" उन्होंने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि "भाजपा के लोग लोकतंत्र की नींव को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि हम समाजवादी विचारधारा वाले हैं और हमें लगता है कि सुदर्शन रेड्डी इस पद के लिए सबसे योग्य व्यक्ति हैं।"
तेजस्वी ने पूर्व उपराष्ट्रपति धनखड़ के इस्तीफे का जिक्र करते हुए कहा कि मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से पता चला कि उन्होंने इस्तीफा दे दिया, लेकिन उनकी वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। तेजस्वी ने सवाल उठाया कि क्या उन्हें हाउस अरेस्ट में रखा गया है।
वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने कहा, "मैं सुदर्शन रेड्डी को बधाई देता हूं। देश में सामाजिक न्याय को मजबूत करने और लोकतंत्र को बहाल करने के लिए जितने भी सांसद और विधायक हैं, उन्हें इस उम्मीदवार का समर्थन करना चाहिए और उन्हें जिताने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।"
जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी ने कहा कि आज लोकतंत्र खतरे में है। उन्होंने कहा, "जिस लोकतंत्र की लोग बात करते हैं, उसकी नींव यहीं से शुरू हुई थी। कई बार मुझसे पूछा गया कि 50 साल न्यायपालिका में रहने के बाद आखिर क्यों सियासी दलदल में फंस गए। मैं स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैं किसी सियासी दलदल में नहीं फंसा। यह मेरी संवैधानिक यात्रा का हिस्सा है। उपराष्ट्रपति का पद केवल एक राजकीय पद नहीं है, बल्कि यह संवैधानिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण पद है। राज्यसभा में जो भूमिका निभाई जाती है, उसमें न्यायाधीश के पद पर बैठने वाले व्यक्ति की वही जिम्मेदारी और गुणवत्ता होनी चाहिए।"
सुदर्शन रेड्डी ने आगे कहा कि इंडिया गठबंधन भारत की 63 प्रतिशत जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करता है और उनके समर्थन से लोकतंत्र और सामाजिक न्याय को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उनकी हालिया मुलाकात आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल से हुई, जिन्होंने कहा कि भले ही वह इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन वह उनका समर्थन देंगे।
बी सुदर्शन रेड्डी ने कहा, "मैं इस पवित्र भूमि पर आप सभी का आशीर्वाद लेने आया हूं। मेरा प्रयास सदन में न्याय, पारदर्शिता और लोकतंत्र के मूल्यों को मजबूत करने का रहेगा। यह केवल राजनीतिक चुनाव नहीं, बल्कि संवैधानिक जिम्मेदारी और लोकतंत्र की रक्षा का मार्ग है।"