18 नवंबर शाम तक थमेगा दूसरे चरण का चुनाव प्रचार, 20 नवंबर को मतदान
- Post By Admin on Nov 18 2024

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का प्रचार अभियान सोमवार की शाम तक थम जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने रविवार को निर्वाचन सदन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दूसरे चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और 20 नवंबर को कुल 38 विधानसभा क्षेत्रों के 14,218 मतदान बूथों पर वोट डाले जाएंगे।
प्रचार थमने के बाद शुरू होगा साइलेंस पीरियड:
रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि 18 नवंबर की शाम के बाद चुनाव प्रचार का काम बंद हो जाएगा। इसके बाद साइलेंस पीरियड शुरू हो जाएगा। साइलेंस पीरियड के दौरान यदि किसी ने चुनाव प्रचार के लिए मतदान क्षेत्र में प्रवेश किया, तो उसे तुरंत वहां से बाहर निकलना होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस नियम का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मतदान से पहले विशेष निर्देश:
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान के दिन, 20 नवंबर को पोलिंग पार्टियां 19 नवंबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि निजी वाहनों पर चुनाव प्रचार से संबंधित बोर्ड, बैनर आदि लगाने पर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वह विशेष चेकिंग अभियान चलाए और अगर किसी वाहन पर ऐसे प्रचारात्मक बोर्ड या बैनर पाए जाते हैं, तो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विशेष मतदान केंद्रों की जानकारी:
रवि कुमार ने बताया कि दूसरे चरण के कुल 14,218 मतदान बूथों में से 48 बूथों को यूनिक बूथ के रूप में विकसित किया गया है, जो विशेष रूप से सुविधाजनक और आधुनिक तरीके से तैयार किए गए हैं। इसके अलावा 239 मतदान केंद्रों पर महिलाओं द्वारा मतदान प्रक्रिया का संचालन किया जाएगा। दिव्यांगजनों के लिए 22 मतदान केंद्रों को विशेष रूप से तैयार किया गया है, जबकि 26 मतदान केंद्रों पर युवाओं द्वारा मतदान प्रक्रिया का संचालन किया जाएगा।