राजद कार्यकर्ताओं ने किया शिवचंद्र राम को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग
- Post By Admin on Dec 12 2024

मुजफ्फरपुर : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने बुधवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद से आग्रह किया है कि बिहार में पार्टी को मजबूती देने और आगामी विधानसभा चुनावों में सफलता प्राप्त करने के लिए पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम को राजद का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाए।
राजद के प्रदेश सचिव शशि सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी के विभिन्न नेता और कार्यकर्ता एकजुट हुए और कहा कि शिवचंद्र राम को प्रदेश अध्यक्ष बनाने से पार्टी में न केवल जोश और गतिशीलता आएगी, बल्कि संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं को भी प्रेरणा मिलेगी।
शशि सिंह यादव ने कहा, “शिवचंद्र राम जी लंबे समय से पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और संघर्ष के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर काम किया है। उनकी नेतृत्व क्षमता और सामाजिक समीकरण को देखते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति पार्टी के लिए फायदेमंद साबित होगी।”
शशि यादव ने आगे कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर शिवचंद्र राम की नियुक्ति से पार्टी में एक नया उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा। इसके साथ ही आने वाले विधानसभा चुनावों में पार्टी को बहुमत हासिल करने के लिए संघर्षशील और गतिशील कार्यशैली की आवश्यकता है।
शशि यादव ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को सक्रिय, संघर्षशील और कार्यकर्ताओं को विश्वास में लेकर बिहार के सभी पंचायतों में जनसंपर्क अभियान, जनता मिलन समारोह और पार्टी पदाधिकारी मिलन समारोह जैसे कार्यक्रमों की शुरुआत करने का सुझाव दिया। शिवचंद्र राम को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग करने वालों में राजद के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं।
जिनमें पूर्व मुखिया सुरेश साहनी, मुखिया सूरज देव राय, शत्रुघ्न लोहिया, जिला पार्षद पति ललित कुमार राय, जिला परिषद पति बाबू साहब, जिला पार्षद राजदेव राय, पूर्व जिला पार्षद केदार प्रसाद यादव, उप प्रमुख पति रणधीर कुमार, पूर्व प्रमुख अमरनाथ साह, राजद नेता शिव कुशवाहा, बिंदेश्वर दास, डॉक्टर अशोक कुमार राय, मोहम्मद अरशद, मोहम्मद जकाउल्लाह, अकबर खान, पूर्व मुखिया नेमु राय, सरपंच जितेंद्र राय, भागीरथ राय, बृजकिशोर राय, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सतनारायण राय, डॉ सुभाष कुमार यादव, दिलीप कुमार, प्रोफेसर अजय पंडित, सुबोध साहनी, विपिन पासवान, निभा राम और अन्य शामिल हैं।
राजद कार्यकर्ताओं ने इस मांग के साथ पार्टी की भविष्यवाणी और बिहार के विकास के लिए एकजुटता की आवश्यकता जताई है और उम्मीद जताई है कि लालू प्रसाद इस मांग को गंभीरता से लेंगे।