सीतामढ़ी में गरजे राहुल, कहा - 65 लाख मतदाता सूची से गायब, अब जोड़ेंगे फर्जी मतदाता

  • Post By Admin on Aug 28 2025
सीतामढ़ी में गरजे राहुल, कहा - 65 लाख मतदाता सूची से गायब, अब जोड़ेंगे फर्जी मतदाता

सीतामढ़ी : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को बिहार के सीतामढ़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से 65 लाख नाम हटाना लोकतंत्र पर सीधा हमला है और भाजपा की यह योजना ‘मतदान चोरी’ की बड़ी साजिश का हिस्सा है।

‘वोटर अधिकार यात्रा’ के बारहवें दिन राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा ने लगभग एक करोड़ नए मतदाता जोड़कर चुनावी खेल रचा और अब बिहार में गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों के नाम हटाकर चुनावी धांधली की साजिश रच रही है। उन्होंने कहा कि अमीरों का नाम सूची से नहीं हटाया गया, जिससे भाजपा का इरादा साफ झलकता है।

संविधान की प्रति हाथ में लेकर राहुल गांधी ने चेतावनी दी, “अगर वोट का अधिकार खो दिया गया, तो सब कुछ खो जाएगा। इसके बाद राशन कार्ड, जमीन और अन्य अधिकार भी छीने जाएंगे। लेकिन कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी।”

उन्होंने दावा किया कि भाजपा को चुनाव चोरी करते हुए कांग्रेस पहले ही पकड़ चुकी है। महादेवपुरा (कर्नाटक) का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां लगभग एक लाख फर्जी मतदाता जोड़े गए थे, जिससे भाजपा को बैंगलोर सेंट्रल सीट पर फायदा हुआ। राहुल ने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस और सबूत पेश करेगी।

राहुल गांधी ने विश्वास जताया कि बिहार के लोग भाजपा की साजिशों को नाकाम करेंगे। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ का उद्देश्य चुनाव आयोग और देश की जनता को यह संदेश देना है कि वोट चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।