राहुल गांधी 15 नवंबर को झारखंड में करेंगे दो जनसभाएं
- Post By Admin on Nov 15 2024

रांची : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 15 नवंबर को झारखंड के चुनावी दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान वे दो महत्वपूर्ण जनसभाओं को संबोधित करेंगे। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने इस संबंध में जानकारी दी और बताया कि राहुल गांधी महगामा विधानसभा और बेरमो विधानसभा में कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं करेंगे।
राहुल गांधी की पहली जनसभा महगामा विधानसभा के बलवड्डा उच्च विद्यालय मेहरमा में होगी। जो 15 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे शुरू होगी। इस जनसभा में कांग्रेस उम्मीदवार दीपिका पांडे सिंह के समर्थन में कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करेंगे। दीपिका पांडे सिंह महगामा से कांग्रेस की उम्मीदवार हैं और इस चुनावी दौरे के माध्यम से राहुल गांधी उनकी उम्मीदवारी को प्रोत्साहित करेंगे।
राहुल गांधी की दूसरी जनसभा बेरमो विधानसभा क्षेत्र के बेरमो प्रखंड के भंडारडीह मैदान में अपराह्न 3:15 बजे आयोजित होगी। इस जनसभा में वे बेरमो से कांग्रेस उम्मीदवार कुमार जय मंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह के पक्ष में लोगों से समर्थन की अपील करेंगे। अनूप सिंह को लेकर कांग्रेस पार्टी का यह मानना है कि वे बेरमो विधानसभा क्षेत्र में विकास और समृद्धि की दिशा में योगदान देंगे।
राहुल गांधी के इस दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो, कमलेश झारखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सप्तगिरि शंकर उल्का और सीरीबेला प्रसाद ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। गुलाम अहमद मीर ने कार्यकर्ताओं से बात करते हुए कहा कि यह चुनाव झारखंड के भविष्य को तय करेगा। महागठबंधन सरकार ने विकास के जो रास्ते तैयार किए हैं। उन्हें बरकरार रखना जरूरी है और इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं का सक्रिय समर्थन अत्यंत आवश्यक है। राहुल गांधी के इस चुनावी दौरे को लेकर प्रदेश में उत्साह का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इन जनसभाओं में भाग लेने के लिए तैयार हैं, ताकि वे अपनी पसंदीदा उम्मीदवारों को जीत दिलाने में योगदान दे सकें।