इंडिया गठबंधन संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध : राहुल गांधी

  • Post By Admin on Nov 15 2024
इंडिया गठबंधन संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध : राहुल गांधी

रांची : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर राज्यवासियों को बधाई देते हुए 'इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) गठबंधन की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने झारखंड की समृद्ध संस्कृति, प्राकृतिक संपदा और अधिकारों की रक्षा का आश्वासन दिया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, "भरपूर प्राकृतिक, सांस्कृतिक और खनिज संपदा से युक्त झारखंड के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं।"

उन्होंने झारखंड के आदिवासी नायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, "आदिवासी अस्मिता के लिए उनका संघर्ष और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए उनका बलिदान हमें सदा प्रेरित करता रहेगा।" राहुल गांधी ने कहा कि 'इंडिया' गठबंधन झारखंड के लोगों की संस्कृति और अधिकारों की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने की बात कही।

झारखंड स्थापना दिवस और बिरसा मुंडा की जयंती के मौके पर राहुल गांधी का यह संदेश राज्यवासियों के लिए विशेष महत्व रखता है जो अपनी सांस्कृतिक पहचान और अधिकारों के प्रति सजग हैं।