डॉ. विनायक गौतम ने की प्रचार अभियान की शुरुआत, लोगों की सेवा और तिरहुत क्षेत्र का विकास करना है उद्देश्य
- Post By Admin on Nov 21 2024

मुजफ्फरपुर : जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. विनायक गौतम ने विधान परिषद उपचुनाव के लिए अपना प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। इसके तहत वह गुरुवार को महंत दर्शन दास महिला महाविद्यालय (एमडीडीएम) पहुंचे और वहां शिक्षकों से मुलाकात की तथा आगामी चुनाव पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने महाविद्यालय परिसर में स्थित स्वर्गीय महंत दर्शन दास जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इससे पहले उन्होंने बी.आर अंबेडकर विश्वविद्यालय, लंगट सिंह महाविद्यालय और श्यामनंदन सहाय महाविद्यालय का भी दौरा किया। वहां मौजूद शिक्षकों से मुलाकात की तथा आगामी चुनाव पर चर्चा की।
लोगों से बात करते हुए डॉ. विनायक गौतम ने कहा कि वे पेशे से डॉक्टर हैं और कई वर्षों से इस क्षेत्र के लोगों की सेवा कर रहे हैं। राजनीति में आने का उनका उद्देश्य इस क्षेत्र के लोगों की सेवा करना और तिरहुत क्षेत्र का विकास करना है। उन्होंने लोगों को जन सुराज पार्टी की विचारधारा और 3 संकल्पों से भी अवगत कराया। प्रचार अभियान में जन सुराज पार्टी के कार्यकर्ता भी उनके साथ थे।