भाजपा दक्षिण में साफ, उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत में हो जाएगी हाफ : अजय उपाध्याय

  • Post By Admin on May 14 2024
भाजपा दक्षिण में साफ, उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत में हो जाएगी हाफ : अजय उपाध्याय

मुजफ्फरपुर : मंगलवार को तिलक मैदान स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय उपाध्याय ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। अजय उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की विदाई के सिर्फ तीन हफ्ते बचे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव की दिशा अब बिल्कुल साफ है। आगामी 4 जून को पिछले 10 साल के अन्याय से जनता को मुक्ति मिलेगी और नागरिक अधिकारों से युक्त कांग्रेस पार्टी के 25 गारंटियों से देशवासियों को शक्ति मिलेगी। पांच न्याय के संकल्पों के साथ प्रत्येक वर्ग को ताकत देने का हम काम करेंगे। झूठ व जुमले से त्रस्त देश की जनता तानाशाह के इरादों को भांप चुकी है। सब समझ रहें है 400 पार के नारों के इरादें को कि कैसे बाबा साहेब भीम राव अंबेडकर जी के संविधान को बदलने की साजिश की जा रही है। लोकतंत्र की हत्या करनेवालों के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे। कांग्रेस का न्याय रथ लोकतंत्र की रक्षा के लिए मुस्तैदी के साथ आगे बढ़ रहा है। 

चौथे चरण का मतदान खत्म होने के साथ अब तक 379 सीटों के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। यह बिल्कुल स्पष्ट है कि भाजपा दक्षिण में साफ, उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत में हाफ होने जा रही है। यही कारण है कि प्रधानमंत्री के चेहरे पर घबराहट साफ दिख रही है। वह हर चरण की वोटिंग के बाद और भी ज्यादा हताश और निराश दिखने लगते हैं। प्रथम चरण की वोटिंग के बाद उन्होंने लोगों को डराना शुरू कर दिया और ध्रुवीकरण का सहारा लिया। दूसरे चरण के बाद वह हास्यास्पद रूप से भैंसों को छीनने की साजिश का आरोप लगाने लगे और बेशर्मी से झूठ बोलने लगे। तीसरे चरण के मतदान के बाद तो उन्होंने पूरी तरह से अपना नियंत्रण ही खो दिया है। आरोप लगाया कि उनके दो सबसे पसंदीदा मित्र के पास काला धन भरा हुआ है, जिसकी सप्लाई वे टेम्पो से करते हैं। जैसे-जैसे चुनाव खत्म हो रहा है वैसे-वैसे मोदी जी की घबराहट, बौखलाहट, छटपटाहट बढ़ने लगी है, साहेब को सत्ता जाने का डर सताने लगा है। रातों की नींद उड़ चुकी है। साहेब के धन्ना सेठ मित्रों के अवैध अर्जित लाखों-करोड़ों की संपत्तियों के जाने का भय स्पष्ट उनके चेहरे पर  दिख रहा है। 

देश की जनता अब मोदी जी के झांसे में नहीं आनेवाली है। लोग मोदीजी से पूछ रहें हैं कि आपकी पिछली गारंटियों का क्या हुआ? बुलेट ट्रेन का क्या हुआ? स्मार्ट सिटी किस ग्रह पर बनवाया? महंगाई से कब मुक्ति मिलेगी? रुपया डॉलर के मुकाबले क्यों गिरता ही जा रहा है? काला धन कितना वापिस आया? 20 करोड़ नौकरियों के वादों का क्या हुआ? किसानों की आय क्यों दोगुनी नहीं हुई? वादा था किसानों को MSP पर दो गुणी आय का, पर क्यों मिली उन्हें पुलिस की गोलियां? 

मोदीजी पिछले दस साल से देश को मूल मुद्दों से भटकाने में लगें है। आप सबने इस चुनाव प्रचार के मध्य मोदीजी के जुबान से सुना होगा- म से मटन, म से मछली, म से मंदिर, म से मुसलमान,म से मंगलसूत्र लेकिन कभी आपने सुना देश के मूल मुद्दों- जन मुद्दों पर बात करते, नहीं ना। म से मंहगाई पर जुबान बंद, म से मणिपुर पर जुबान बंद, म से महिला सुरक्षा पर जुबान बंद। कभी तो मुद्दों पर मुंह खोलिए साहेब? कभी तो सच बोलिए साहेब?

जिस तरह देश में मोदी जी की गारंटियों का पोल खुल चुका, वैसे ही प्रदेश की असहाय बीजेपी-जदयू सरकार के वादों का ढोल कुछ ही महीनों में फुट चुका है। जनता के साथ धोखा देने वाली डबल इंजन की  “बेवफा बीजेपी” सरकार से प्रदेश के लोग पूछ रहे है: “क्या हुआ तेरा वादा- वो कसम वो इरादा”

चुनाव के वक्त आजकल प्रधानमंत्री जी बार-बार बिहार भ्रमण पर झूठ बोलने आ रहें है। उनसे बिहारवासी कुछ तथ्यात्मक प्रश्नों का जवाब चाहते है जैसे; स्मार्ट सिटी और नमामि गंगे के फंड कहां गायब हो गए? भाजपा और जेडीयू की सरकार एक और पेपर लीक को रोकने में क्यों विफल रही? बिहार में ना कोई केंद्रीय विश्वविद्यालय, ना कोई स्तरीय अस्पताल बनवाया गया। सिर्फ जुमला ही जुमला क्यों? मुजफ्फरपुर, पूर्णिया या भागलपुर में हवाई अड्डे के लिए जो वादे किए गए थे, उनका क्या हुआ? अग्निपथ योजना को लेकर प्रधानमंत्री इतने उत्सुक क्यों हैं? बिहार की चीनी मील बंद क्यों पड़े हैं?

मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल, भारत जोड़ो यात्रा के मीडिया कोऑर्डिनेटर अरूण त्रिपाठी, जिला प्रवक्ता समीर कुमार, महताब आलम सिद्दकी, मुकेश त्रिपाठी, विकास कुमार टुल्लु, सविता श्रीवास्तव, रितेश कुमार सिन्हा, मोजक्कीर रहमान, सुरेश चन्द्रवंशी, विक्की चौधरी, सागर श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।