मुजफ्फरपुर में युवाओं को संगठित करने की पहल, युवती मंडल सहित कई क्लबों का गठन

  • Post By Admin on Mar 16 2026
मुजफ्फरपुर में युवाओं को संगठित करने की पहल, युवती मंडल सहित कई क्लबों का गठन

मुजफ्फरपुर : मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के युवा मंडल विकास अभियान के तहत जिले के मुसहरी, मरवन और कुढ़नी प्रखंडों में युवाओं को संगठित करने के उद्देश्य से नए युवा क्लबों का गठन तथा पुराने क्लबों का पुनर्गठन किया गया। इस अभियान के माध्यम से क्लस्टर स्तर पर युवाओं को जोड़कर उन्हें नेतृत्व, कौशल विकास, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

इसी क्रम में मुसहरी प्रखंड के कन्हौली स्थित खादी भंडार कैंपस में स्वतंत्रता सेनानी नन्नू लाल यूथ क्लब का पुनर्गठन किया गया। सर्वसम्मति से क्लब के अध्यक्ष पद पर शुभम रानी, सचिव पद पर कृष्णा कुमार और कोषाध्यक्ष पद पर मो. अरशक का चयन किया गया।

वहीं मुसहरी प्रखंड की मधुबनी पंचायत के चौसिमा गांव में एक नए युवती मंडल का गठन किया गया। आम बैठक में सर्वसम्मति से मंडल का नाम चौसिमा युवती मंडल रखा गया। बैठक की अध्यक्षता गांव की मुखिया निर्मला देवी ने की। इस दौरान वर्षा कुमारी को अध्यक्ष, अंशु कुमारी को सचिव और शिवानी कुमारी को कोषाध्यक्ष चुना गया।

यह गठन और पुनर्गठन युवा मंडल विकास अभियान के अंतर्गत चंदन कुमार और अंशु कुमारी की टीम के प्रयासों से किया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ते हुए समाज और देश के सकारात्मक परिवर्तन में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।