विद्यालय स्वास्थ्य कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रधानाध्यापक रवि कुमार सम्मानित
- Post By Admin on Mar 16 2026
मुजफ्फरपुर : शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत विद्यालय स्वास्थ्य एवं आरोग्य कार्यक्रम के तहत सोमवार को सदर अस्पताल, मुजफ्फरपुर में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय स्वास्थ्य गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रधानाध्यापकों और स्वास्थ्य एवं आरोग्य राजदूतों को सम्मानित किया गया।
समारोह में जिले के कई विद्यालयों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान दिया गया। इसी क्रम में कुढनी प्रखंड के यू.एम.एस. रघुनाथपुर चिकनी विद्यालय को स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन के लिए चयनित किया गया।
इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक रवि कुमार को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय के शिक्षक अनिल कुमार और शिक्षिका श्वेता कुमारी को भी विद्यालय स्वास्थ्य एवं आरोग्य कार्यक्रम में उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल से बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को मजबूती मिलती है।