भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का सौगात-ए-मोदी अभियान, 32 लाख मुसलमानों तक पहुंचने का लक्ष्य

  • Post By Admin on Mar 21 2025
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का सौगात-ए-मोदी अभियान, 32 लाख मुसलमानों तक पहुंचने का लक्ष्य

पटना : भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने इस बार की ईद पर ‘सौगात-ए-मोदी’ अभियान के माध्यम से 32 लाख जरूरतमंद मुसलमानों तक मदद पहुंचाने का लक्ष्य तय किया है। इस अभियान के तहत विभिन्न मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में आवश्यक सामग्रियों के साथ ‘सौगात-ए-मोदी’ किट का वितरण किया जा रहा है। मोर्चा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता रुमान अहमद साबरी ने बताया कि इस अभियान के जरिए समाज के गरीब और जरूरतमंद वर्ग तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के योगदान और योजनाओं को पहुंचाया जाएगा।

ईद के मौके पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा जिलों में ईद मिलन समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन समारोहों में पार्टी के कार्यकर्ता और स्थानीय नेता शामिल होंगे। रुमान साबरी ने कहा कि इस अभियान से भाजपा को मुसलमानों के बीच अपनी उपस्थिति को मजबूत करने का मौका मिलेगा और गंगा-जमनी तहज़ीब को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ने मुसलमानों के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जैसे ‘एक हाथ में कुरान और दूसरे हाथ में कंप्यूटर’, मदरसों का आधुनिकीकरण और उस्ताद उड़ान मरकज जैसी योजनाओं के जरिए लाखों मुसलमानों को लाभ हुआ है।

अल्पसंख्यक मोर्चे के 32,000 पदाधिकारी और उनके सहयोगी मोदी मित्रों के माध्यम से 32 लाख मुसलमानों तक ‘सौगात-ए-मोदी’ किट वितरित करेंगे। किट में रमजान और ईद में उपयोग होने वाली खाद्य सामग्रियां शामिल होंगी। इस अभियान की शुरुआत केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय के क्षेत्र उजियारपुर से की गई, जहां मथुरापुर, सातनपुर, शीवनगर, शहबाजपुर, चांद चौर, अंडाहा जैसे मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में किट का वितरण किया गया।

प्रत्येक पदाधिकारी मोदी मित्र के सहयोग से 100 जरूरतमंद मुसलमानों को चिह्नित कर उनके बीच उपहार स्वरूप यह किट पहुंचाएंगे। रुमान साबरी ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को भाईचारे और एकता का संदेश दिया जा रहा है।

साबरी ने यह भी कहा कि मोर्चा सिर्फ रमज़ान और ईद ही नहीं, बल्कि अन्य त्योहारों जैसे गुड फ्राइडे, ईस्टर, नवरोज़ और भारतीय नववर्ष में भी जरूरतमंदों को ‘सौगात-ए-मोदी’ किट वितरित करेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इन त्योहारों के दौरान समाज में सौहार्द और भाईचारे को बनाए रखें और गंगा-जमनी तहज़ीब की मिसाल पेश करें।

इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने अभियान में अपनी भागीदारी निभाई और किट का वितरण किया। मो. शौकत, शाहिदा खातुन, जीनत खातुन, नसीमा खातुन, शहनाज़ खातुन, अफसाना खातुन, मो. ईसतेयाक अहमद, मो. शकील अहमद, हमिदा खातुन, मो. नौशाद, मलीना खातुन, नाहिदा खातुन, मो. तसलीम सहित दर्जनों रोजेदारों को किट दी गई