बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की रणनीति तय, दलबदलुओं और सितारों से दूरी
- Post By Admin on Mar 13 2026
नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दे दिया है। प्रधानमंत्री आवास पर आयोजित पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में आधे से अधिक सीटों पर उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार कोलकाता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित विशाल रैली के बाद भाजपा अपनी पहली सूची जारी कर सकती है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में करीब 160 उम्मीदवारों के नामों पर सहमति बन गई है। भाजपा ने अधिकांश मौजूदा विधायकों को फिर से मौका देने का फैसला किया है। पहली सूची में विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष समेत कई प्रमुख नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं। इसके अलावा कुछ पूर्व सांसदों को भी विधानसभा चुनाव में उतारने की तैयारी है। हालांकि पार्टी ने इस बार मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव न लड़ाने का निर्णय लिया है।
भाजपा नेताओं के अनुसार इस बार उम्मीदवार चयन प्रक्रिया में विशेष सावधानी बरती गई है। पिछले लगभग एक महीने से उम्मीदवारों के चयन को लेकर लगातार मंथन चल रहा था। इसके तहत जमीनी स्तर से फीडबैक लिया गया और संगठन की राय को प्राथमिकता दी गई। साथ ही विभिन्न एजेंसियों द्वारा कराए गए सर्वेक्षणों के आधार पर संभावित उम्मीदवारों की लोकप्रियता और जीत की संभावना का आकलन किया गया।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि टिकट वितरण में स्थानीय और क्षेत्रीय समीकरणों के साथ सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है। इस बार भाजपा ने दलबदल कर आने वाले नेताओं को टिकट नहीं देने का फैसला किया है। पिछली बार की तुलना में इस बार तृणमूल कांग्रेस या अन्य दलों से आए नेताओं को टिकट देने से परहेज किया गया है।
इसके अलावा भाजपा ने इस बार फिल्मी और टेलीविजन कलाकारों को टिकट देने से भी दूरी बनाने का निर्णय लिया है। पार्टी का फोकस जमीनी स्तर पर सक्रिय और संगठन से जुड़े नेताओं को आगे बढ़ाने पर है। सूत्रों के अनुसार शेष सीटों के उम्मीदवारों के चयन के लिए केंद्रीय चुनाव समिति की एक और बैठक जल्द बुलाई जा सकती है।