झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 528 प्रत्याशी मैदान में, कइयों पर अपराधिक केस

  • Post By Admin on Nov 18 2024
झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 528 प्रत्याशी मैदान में, कइयों पर अपराधिक केस

रांची : झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 20 नवंबर को मतदान होना है। इस चरण में 528 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। जिनमें से बड़ी संख्या में ऐसे प्रत्याशी शामिल हैं जिन पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। साथ ही कई प्रत्याशी करोड़पति भी हैं। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की रिपोर्ट ने इन आंकड़ों को सार्वजनिक किया है। जिससे चुनावी मैदान में उम्मीदवारों की स्थिति और उनके पिछले रिकॉर्ड का खुलासा हुआ है।

आपराधिक मामलों वाले प्रत्याशी:
एडीआर की रिपोर्ट के मुताबिक इस चरण में कुल 528 प्रत्याशियों में से 270, यानी 51 प्रतिशत प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। सबसे ज्यादा आपराधिक मामलों का सामना करने वाले पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के प्रत्याशी हैं। जिनमें से 35 प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 18 प्रत्याशियों पर सामान्य आपराधिक मामले हैं। जबकि 17 प्रत्याशियों पर गंभीर आपराधिक मामलों का आरोप है।

इसके बाद भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) के 26 प्रत्याशी हैं। जिनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा निर्दलीय प्रत्याशियों में से भी एक बड़ी संख्या में 92 उम्मीदवारों पर आपराधिक मामले हैं।

एडीआर की रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ कि 270 में से 127 प्रत्याशी करोड़पति हैं। जो चुनावी खर्च और धन के मामले में अन्य उम्मीदवारों से काफी आगे हैं।

करोड़पति प्रत्याशी:
रिपोर्ट के अनुसार इस चरण के 528 में से 522 प्रत्याशियों के शपथ पत्र का विश्लेषण किया गया। जिसमें 127 प्रत्याशी करोड़पति पाए गए। ये प्रत्याशी विभिन्न राजनीतिक दलों से हैं और उनके पास भारी संपत्ति है। इन प्रत्याशियों के पास करोड़ों रुपये की संपत्ति होने के बावजूद उनके खिलाफ गंभीर आरोप भी लगे हुए हैं। यह चुनावी प्रक्रिया में धन और आपराधिक मामलों के बढ़ते प्रभाव को दिखाता है।