झारखंड विधानसभा में पहली बार 12 महिला विधायक, ऐतिहासिक सफलता

  • Post By Admin on Nov 25 2024
झारखंड विधानसभा में पहली बार 12 महिला विधायक, ऐतिहासिक सफलता

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में महिलाओं ने एक नया इतिहास रचा है। इस बार 12 महिला उम्मीदवारों ने जीत हासिल की और अपने-अपने क्षेत्रों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें से 8 महिला विधायक इंडिया गठबंधन (झामुमो और कांग्रेस) से और 4 बीजेपी से चुनी गई हैं। यह पहला अवसर है जब झारखंड विधानसभा में इतनी बड़ी संख्या में महिलाएं प्रतिनिधित्व करेंगी।

झामुमो की महिला विजेताओं में कल्पना मुर्मू सोरेन ने गांडेय सीट पर बीजेपी की मुनिया देवी को 17,142 वोटों से हराया। जबकि जामा सीट पर पूर्व मंत्री लुईस मरांडी ने बीजेपी के सुरेश मुर्मू को 5,738 वोटों से मात दी। इचागढ़ सीट पर सविता महतो ने आजसू के हरेलाल महतो को 26,523 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की। इन महिलाओं ने झारखंड विधानसभा में अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराई है।

कांग्रेस की महिला विजेताओं में निसात आलम ने पाकुड़ सीट पर आजसू के अजहर इस्लाम को 86,029 वोटों से हराया। जबकि महगामा सीट पर दीपिका पांडे सिंह ने बीजेपी के आशोक कुमार को 18,645 वोटों से मात दी। रामगढ़ में ममता देवी ने आजसू की सुनीता चौधरी को 6,790 वोटों से हराया वहीं बोकारो सीट पर श्वेता सिंह ने बीजेपी के बिरंची नारायण को 7,207 वोटों से हराया। मांडर सीट पर शिल्पी नेहा तिर्की ने बीजेपी के सन्नी टोप्पो को 22,803 वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की।

बीजेपी की महिला विजेताओं में नीरा यादव ने कोडरमा सीट पर राजद के सुभाष प्रसाद यादव को 5,815 वोटों से हराया जबकि झरिया सीट पर रागिनी सिंह ने झामुमो की पुर्णिमा नीरज सिंह को 14,511 वोटों से मात दी। जमशेदपुर ईस्ट में पूर्णिमा साहू ने कांग्रेस के अजय कुमार को 42,871 वोटों से हराया वहीं जमुआ सीट पर मंजू कुमारी ने झामुमो के केदार हाजरा को 32,631 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत हासिल की। यह चुनाव न केवल झारखंड में महिलाओं की बढ़ती राजनीतिक भागीदारी को दर्शाता है बल्कि राज्य के राजनीतिक परिदृश्य में महिला शक्ति के नए अध्याय की शुरुआत भी है।