मिशन एड्स सुरक्षा के तहत रणनीति तैयार, गर्भवती महिलाओं की जांच पर विशेष जोर
- Post By Admin on Apr 11 2026
लखीसराय : जिले में एचआईवी/एड्स नियंत्रण को लेकर शनिवार को सदर अस्पताल लखीसराय के सभागार में “मिशन एड्स सुरक्षा” के अंतर्गत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने की। इसमें जिले के सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी, जिला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रखंड अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी, आशा फेसिलिटेटर, परामर्शी, प्रयोगशाला प्रावैधिक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मी शामिल हुए।
बैठक में एचआईवी/एड्स नियंत्रण के लिए निर्धारित 95:95:99 लक्ष्य की प्राप्ति को लेकर अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई और तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के लिए रणनीति तैयार की गई। सिविल सर्जन ने निर्देश दिया कि सभी आशा कार्यकर्ता अपने-अपने पोषण क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं की प्रथम त्रैमासिक में ही एचआईवी, सिफलिस और हेपेटाइटिस की जांच सुनिश्चित कराएं, ताकि मां से बच्चे में संक्रमण की संभावना को रोका जा सके।
सामुदायिक स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने क्षेत्र के परिवारों की इंडेक्स सूची तैयार करें और एचआईवी संक्रमित गर्भवती महिलाओं की लाइन सूची बनाकर उनके संभावित प्रसव तिथि का उल्लेख करें। साथ ही नियमित फॉलोअप कर नवजात शिशुओं का ड्राई ब्लड स्पॉट परीक्षण कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों की एचआईवी जांच प्राथमिक स्तर पर कराई जाए तथा नए संक्रमित पाए जाने वाले व्यक्तियों को एआरटी से जोड़कर नियमित दवा सेवन के लिए प्रेरित किया जाए। इसके अलावा पात्र लाभार्थियों को परवरिश योजना और बिहार शताब्दी एड्स पीड़ित कल्याण योजना से आच्छादित करने पर भी जोर दिया गया।
अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों की यक्ष्मा जांच तथा यक्ष्मा रोगियों की एचआईवी जांच कराई जाए। साथ ही पंचायतवार एचआईवी संक्रमितों की सूची और प्रमुख गांवों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।बैठक में समेकित परामर्श एवं जांच केंद्र के कर्मियों को क्षेत्रीय गतिविधियां संचालित कर जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य 1 दिसंबर 2026 तक निर्धारित 95:95:99 लक्ष्य को हासिल करना है।
स्वास्थ्य विभाग ने जनसामान्य में एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता बढ़ाने, निःशुल्क एवं गोपनीय जांच तथा परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने और संक्रमित व्यक्तियों को उपचार व देखभाल सेवाओं से जोड़ने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार की रणनीति बनाई है। विशेष रूप से प्रवासी श्रमिकों, उच्च जोखिम समूह, गर्भवती महिलाओं, किशोर-किशोरियों और अन्य संवेदनशील वर्गों को इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया है।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार भारती, उपाधीक्षक डॉ. कुमार अमित, जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी सह रक्त केंद्र चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रीनिवास शर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुधांशु नारायण लाल, जिला एड्स बचाव एवं नियंत्रण इकाई के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविन्द रॉय, जिला पर्यवेक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार लाल सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी और पदाधिकारी उपस्थित रहे।