टीबी मुक्त लखीसराय अभियान की समीक्षा, डीएम ने स्क्रीनिंग और जागरूकता बढ़ाने के दिए निर्देश

  • Post By Admin on Jul 08 2026
टीबी मुक्त लखीसराय अभियान की समीक्षा, डीएम ने स्क्रीनिंग और जागरूकता बढ़ाने के दिए निर्देश

लखीसराय : जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर बुधवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में टीबी मुक्त अभियान के तहत अब तक की प्रगति का आकलन करते हुए अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने उच्च जोखिम वाले व्यक्तियों की पहचान कर उनकी नियमित स्क्रीनिंग, समय पर जांच और उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसहभागिता से ही इस लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। समीक्षा में निर्देश दिया गया कि अधिक से अधिक लोगों की टीबी जांच कराई जाए तथा संदिग्ध मरीजों का शीघ्र एक्स-रे एवं अन्य आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही टीबी मरीजों को समय पर दवाएं उपलब्ध कराने और उनके उपचार की लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।

जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि टीबी के प्रति जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जाए। आम लोगों को रोग के लक्षण, समय पर जांच और सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क उपचार की जानकारी दी जाए, ताकि कोई भी मरीज इलाज से वंचित न रहे। बैठक में उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्वास्थ्य) सुधांश नारायण सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।