नए डिग्री कॉलेजों में संसाधन उपलब्ध कराने की कवायद तेज, 15 जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं
- Post By Admin on Jul 11 2026
लखीसराय : जिले के नवस्थापित राजकीय डिग्री कॉलेजों में आगामी 15 जुलाई से शैक्षणिक सत्र शुरू कराने की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार ने शुक्रवार को समाहरणालय में समीक्षा बैठक की। बैठक में चानन, रामगढ़ चौक, पिपरिया और हलसी स्थित राजकीय डिग्री कॉलेजों के प्राचार्यों के साथ व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में प्राचार्यों ने बताया कि महाविद्यालयों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता के लिए कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी। इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि 13 जुलाई तक हर हाल में सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध करा दी जाए, ताकि 15 जुलाई से शैक्षणिक गतिविधियां बिना किसी बाधा के शुरू हो सकें।
छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही को ध्यान में रखते हुए पिंक बस की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। जिला परिवहन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि 13 जुलाई तक पिंक बस उपलब्ध करा दी जाएगी। बैठक के दौरान सभी प्राचार्यों ने प्रत्येक महाविद्यालय में एक-एक डाटा एंट्री ऑपरेटर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इस पर जिला पदाधिकारी ने सभी प्राचार्यों को शीघ्र अनुरोध पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि आवश्यक कार्रवाई कर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं चारों राजकीय डिग्री कॉलेजों के प्राचार्य उपस्थित रहे।