बिहार के स्वास्थ्य ढांचे को नई सौगात, मुख्यमंत्री ने किए कई परियोजनाओं के शिलान्यास
- Post By Admin on Sep 29 2025
लखीसराय : बिहार के स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। माननीय मुख्यमंत्री, बिहार सरकार ने अपने कर कमलों से बड़हिया एवं पिपरिया स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन किया। इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 15.38 करोड़ रुपए की लागत आई है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सदर अस्पताल परिसर में 100 शैय्या वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास किया, जिसकी अनुमानित लागत 44.50 करोड़ रुपए है। यह सुविधा जिले में गंभीर रोगियों के इलाज के लिए वरदान साबित होगी।
इसके अलावा सदर अस्पताल प्रांगण में जिला औषधि भंडार निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया, जिस पर 1.25 करोड़ रुपए व्यय होंगे। इसके बनने से जिले में दवाओं की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
स्थानीय लोगों ने इन परियोजनाओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और इसे स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बड़ा सुधार बताया।