'मिशन परिवार विकास अभियान' का शुभारंभ, सिविल सर्जन की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक
- Post By Admin on Sep 08 2026
लखीसराय : जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम को गति देने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में 8 सितंबर 2026 को सिविल सर्जन-सह-सदस्य सचिव की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक जिले में 7 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक चलाए जा रहे 'मिशन परिवार विकास अभियान' की रूपरेखा तय करने और उसकी प्रगति की समीक्षा के लिए बुलाई गई थी। सिविल सर्जन ने जानकारी दी कि यह अभियान दो मुख्य चरणों में बंटा है, जिसमें पहला चरण 7 से 13 सितंबर तक 'दम्पत्ति सम्पर्क सप्ताह' और दूसरा चरण 14 से 26 सितंबर 2026 तक 'परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा' के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
जमीनी स्तर पर इस कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर (CHO), एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं को मुख्य जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे योग्य दंपतियों की काउंसलिंग कर उन्हें परिवार नियोजन के स्थायी और अस्थायी दोनों साधनों के बारे में विस्तार से बताएं। इसके साथ ही योग्य लाभार्थियों की शत-प्रतिशत लाइन-लिस्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई भी जरूरतमंद इस योजना के लाभ से अछूता न रहे।
प्रशासन ने सभी प्रखंडों में शत-प्रतिशत 'सास बहू सम्मेलन' आयोजित करने पर जोर दिया है। आगामी कार्ययोजना के तहत 14 सितंबर 2026 को सभी प्रखंडों में स्वास्थ्य मेला और मीडिया ब्रीफिंग होगी। इसके अलावा, आशा कार्यकर्ताओं की लाइन-लिस्टिंग के आधार पर सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सप्ताह में दो दिन विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे और सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मुफ्त सेवाएं दी जाएंगी। जन-जागरुकता बढ़ाने के लिए प्रमंडल स्तर से सारथी रथ भी रवाना किया जाएगा, और 28 सितंबर 2026 को इस अभियान का समेकित प्रतिवेदन समर्पित किया जाएगा। बैठक में डीपीएम, डीसीएम, डीपीसी, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक और जीविका के अधिकारी मौजूद रहे।