लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, महिला कारोबारी समेत चार गिरफ्तार

  • Post By Admin on Oct 23 2026
लखीसराय में मद्य निषेध विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी, महिला कारोबारी समेत चार गिरफ्तार

लखीसराय : जिले में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए मद्य निषेध थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने चुलाई शराब के साथ एक महिला तस्कर को रंगेहाथ दबोचा, जबकि शराब पीने के आरोप में तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया।

मद्य निषेध थाना लखीसराय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, पहली कार्रवाई कबैया थाना क्षेत्र के नया बाजार स्थित दालपट्टी, पासी गली में की गई। जहां से पुलिस ने स्व. किशोरी चौधरी की पत्नी मानो देवी को 2 लीटर देशी चुलाई शराब बेचते हुए मौके से पकड़ लिया। वहीं दूसरी कार्रवाई लखीसराय थाना क्षेत्र के इंग्लिस मोहल्ले में की गई, जहां शराब पीने के आरोप में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में धर्मरायचक (वार्ड नंबर 06) निवासी श्याम सुंदर राम का पुत्र सुबोध कुमार, इंग्लिस मोहल्ला, वार्ड नंबर 04 निवासी मोहम्मद गुलाम रसूल का पुत्र मोहम्मद महमूद और गढ़ी, वार्ड नंबर 06 निवासी विनोद यादव का पुत्र चिरंगी यादव शामिल है।

मद्य निषेध विभाग की इस कार्रवाई के बाद से शराब कारोबारियों और सेवन करने वालों में हड़कंप मच गया है। पुलिस सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मद्य निषेध उत्पाद अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है।