उच्च रक्तचाप है मौन हत्यारा, समय पर जांच और सतर्कता जरूरी: डॉ. राजेश शर्मा
- Post By Admin on May 17 2026
लखीसराय: विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के अवसर पर वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ Dr. Rajesh Prasad Sharma ने लोगों को हाई ब्लड प्रेशर यानी उच्च रक्तचाप को लेकर सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि उच्च रक्तचाप एक “मौन हत्यारा” है, क्योंकि इसके शुरुआती लक्षण स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं देते, लेकिन यह धीरे-धीरे शरीर को गंभीर नुकसान पहुंचाता रहता है।
लखीसराय के नया टोला पुरानी बाजार निवासी इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. राजेश प्रसाद शर्मा उर्फ झोलू, जिन्होंने पीजीआई लखनऊ से एमडी और डीएम कार्डियोलॉजी की डिग्री प्राप्त की है, ने बताया कि समय पर जांच, संतुलित जीवनशैली और सही उपचार से इस बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अनियंत्रित उच्च रक्तचाप से हृदय रोग, स्ट्रोक, किडनी की क्षति और आंखों की गंभीर बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। कई बार मरीज को तब तक इसकी जानकारी नहीं होती, जब तक कोई बड़ी स्वास्थ्य समस्या सामने नहीं आ जाती। इसलिए नियमित रूप से रक्तचाप की जांच बेहद जरूरी है।
डॉ. शर्मा ने बताया कि रक्तचाप को नियंत्रित रखने के लिए लोगों को नमक का कम सेवन करना चाहिए, नियमित व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों को जीवनशैली में शामिल करना चाहिए। साथ ही संतुलित आहार, वजन नियंत्रण और तनाव से दूरी बनाना भी आवश्यक है। उन्होंने धूम्रपान, शराब और अन्य नशे से बचने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां भविष्य की बड़ी बीमारियों से बचा सकती हैं। विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर उन्होंने लोगों से समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने और समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की, ताकि इस “मौन हत्यारे” से समय रहते बचाव किया जा सके।