स्वास्थ्य मंत्री ने एफसीएम थेरेपी कार्यक्रम का किया शुभारंभ, गर्भवती महिलाओं को मिलेगा लाभ
- Post By Admin on Mar 26 2026
लखीसराय : गंभीर एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं के उपचार के लिए एफसीएम (Ferric Carboxy Maltose) थेरेपी कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने पटना स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया।
कार्यक्रम के तहत Ferric Carboxy Maltose इंजेक्शन के जरिए गंभीर एनीमिया यानी रक्त अल्पता से पीड़ित गर्भवती महिलाओं का इलाज किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस इंजेक्शन की खासियत यह है कि एक ही डोज से एनीमिया की समस्या को काफी हद तक दूर किया जा सकता है, जिससे गर्भावस्था के दौरान होने वाले कई जोखिम भी कम हो जाते हैं। यह सुविधा सदर अस्पताल लखीसराय में निशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है।
सदर अस्पताल में इस थेरेपी के तहत पहला इंजेक्शन दामोदरपुर निवासी श्रीमती मधु कुमारी को दिया गया। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह, उपाधीक्षक डॉ. राकेश कुमार, अस्पताल प्रबंधक सीमा कुमारी, जीएनएम रोशनी सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के तहत सभी प्रखंडों से आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गंभीर एनीमिया से पीड़ित 4 से 5 गर्भवती महिलाओं को एंबुलेंस के माध्यम से सदर अस्पताल लाकर एफसीएम थेरेपी दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि इस पहल से जिले में गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य में सुधार होगा और मातृ मृत्यु दर को कम करने में भी मदद मिलेगी।