गार्डासिल टीकाकरण में लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, आशा कार्यकर्ताओं को चेतावनी

  • Post By Admin on May 30 2026
गार्डासिल टीकाकरण में लापरवाही पर स्वास्थ्य विभाग सख्त, आशा कार्यकर्ताओं को चेतावनी

लखीसराय : जिले में गार्डासिल टीकाकरण अभियान की धीमी प्रगति को लेकर सिविल सर्जन की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लखीसराय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र की उन 29 आशा कार्यकर्ताओं को बुलाया गया, जिनकी उपलब्धि 50 प्रतिशत से कम पाई गई।

समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन ने संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे 6 जून तक अपने-अपने लक्ष्य का शत-प्रतिशत पूरा करना सुनिश्चित करें। साथ ही गार्डासिल टीकाकरण अभियान में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर सभी आशा फैसिलिटेटरों से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। बैठक में बताया गया कि 29 मई तक जिले में गार्डासिल टीकाकरण की कुल उपलब्धि 78 प्रतिशत रही है, जबकि लखीसराय प्रखंड में यह आंकड़ा मात्र 47 प्रतिशत है, जो चिंता का विषय माना गया। समीक्षा के दौरान सबसे खराब प्रदर्शन करने वाली उन आशा कार्यकर्ताओं की पहचान की गई, जिनकी उपलब्धि शून्य रही। इनमें रेनू कुमारी, सीता कुमारी, मीना कुमारी, रेखा दास और चंद्रकांती देवी शामिल हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि सभी आशा कार्यकर्ताओं को अपने-अपने क्षेत्र की 14 एवं 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों का गार्डासिल टीकाकरण सुनिश्चित करना है। इसके लिए संबंधित क्षेत्र की कुल आबादी के एक प्रतिशत किशोरियों को लक्ष्य के रूप में चिन्हित किया गया है। बैठक में जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी (डीआईओ), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), जिला समन्वयक प्रबंधक (डीसीएम) के अलावा प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक (बीएचएम) एवं प्रखंड सामुदायिक प्रबंधक (बीसीएम) भी उपस्थित रहे।