उरैन में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 160 मरीजों की जांच कर बांटी गई दवाइयां

  • Post By Admin on Jul 05 2026
उरैन में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, 160 मरीजों की जांच कर बांटी गई दवाइयां

लखीसराय : विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं नेशनल मेडिकल एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड के उरैन गांव स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 160 मरीजों का पंजीकरण कर उनकी स्वास्थ्य जांच एवं उपचार किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था।

शिविर का उद्घाटन विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ. कुमार अमित ने किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि "नर सेवा ही नारायण सेवा है" और जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना समाज के प्रति महत्वपूर्ण दायित्व है। शिविर में जिले के अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच की। इस दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर और हीमोग्लोबिन की नि:शुल्क जांच की गई। साथ ही हृदय रोग, हड्डी रोग, बाल रोग तथा महिला स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श प्रदान किया। जांच के बाद चिकित्सकों की सलाह के अनुसार मरीजों को आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क वितरित की गईं। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की अच्छी-खासी भागीदारी रही। गंभीर मरीजों को आगे के उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया तथा विशेष छूट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई।

शिविर के सफल संचालन में डॉ. सुनील कुमार, डॉ. रूपा एवं उनकी टीम के साथ संस्था के कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी चिकित्सकों, अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर बजरंग दल के विभाग सह संयोजक सोनू पटेल, विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री बंटी कुमार, बजरंग दल के जिला संयोजक अमन आनंद, जिला सहसंयोजक सनी कुमार, जिला विद्यार्थी प्रमुख मनीष कुमार, जिला सुरक्षा प्रमुख सरवन कुमार, प्रखंड संयोजक विजय वर्मा, प्रखंड सहसंयोजक टुनटुन साव, मन्नू महतो, आकाश कुमार सहित कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।