लखीसराय में परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा शुरू, 31 जुलाई तक चलेंगे विशेष अभियान
- Post By Admin on Jul 11 2026
लखीसराय : जिले में जनसंख्या स्थिरता और परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया। "छोटा परिवार, सुखी परिवार" की अवधारणा पर आधारित इस अभियान की थीम है— "एक निष्पक्ष और आशापूर्ण दुनिया में युवाओं को उनके मनचाहे परिवार बनाने के लिए सशक्त बनाना।"
अभियान के तहत सदर अस्पताल, लखीसराय में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह ने किया। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ए.के. भारती, उपाधीक्षक डॉ. कुमार अमित, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) सुधांशु नारायण लाल, जिला सामुदायिक समन्वयक (डीसीएम) आशुतोष सिंह तथा डीपीसी सुनील कुमार शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सिविल सर्जन ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य योग्य दंपतियों में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाना और "दो बच्चे ही अच्छे" का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि छोटे परिवार से न केवल परिवार का आर्थिक और सामाजिक विकास होता है, बल्कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान को दो चरणों में संचालित किया जा रहा है। पहले चरण में 27 जून से 10 जुलाई तक आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर लाभार्थियों की पहचान की और परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों के प्रति जागरूक किया। दूसरे चरण के तहत 11 जुलाई से 31 जुलाई तक सभी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अभियान के दौरान सभी प्रखंडों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार सप्ताह में कम से कम दो दिन परिवार नियोजन बंध्याकरण सेवाएं प्रदान की जाएंगी। वहीं, वीएचएसएनडी, एएएम, एपीएचसी, पीएचसी, सीएचसी और जिला अस्पताल सहित सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में परिवार नियोजन की निःशुल्क सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। आशा कार्यकर्ता एवं आशा फैसिलिटेटर घर-घर जाकर लोगों को परिवार नियोजन के साधनों की जानकारी देने के साथ आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराएंगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से लड़कियों की शादी 20 वर्ष की आयु के बाद करने, विवाह के कम से कम दो वर्ष बाद पहले बच्चे की योजना बनाने, पहले और दूसरे बच्चे के बीच न्यूनतम तीन वर्ष का अंतर रखने तथा दो बच्चों तक परिवार सीमित रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि इससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आने के साथ परिवार का जीवन स्तर भी बेहतर होगा।
स्वास्थ्य मेले के दौरान परिवार नियोजन सेवाएं अपनाने वाली तीन लाभार्थियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इनमें चानन की पूनम कुमारी (पीपीआईयूसीडी), कवैया रोड निवासी नंदिनी कुमारी (पीपीआईयूसीडी) तथा लखीसराय पीएचसी की फरहीन नाजमी (छाया) शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के योग्य दंपतियों से परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा का अधिक से अधिक लाभ उठाने और स्वस्थ, समृद्ध एवं खुशहाल परिवार के निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की है।