मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने पर जोर, छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

  • Post By Admin on May 30 2026
मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने पर जोर, छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश

लखीसराय : महिला एवं बाल विकास निगम, लखीसराय के तत्वावधान में तथा संकल्प हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन के सहयोग से विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस के अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, टाइप फोर शर्मा, रामगढ़ चौक में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना तथा इससे जुड़े सामाजिक मिथकों और झिझक को दूर करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार, सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी, वार्डन सह शिक्षिका वीणा कुमारी एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूनम कुमारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष 28 मई को विश्व माहवारी स्वच्छता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को सुरक्षित मासिक धर्म प्रबंधन के प्रति जागरूक करना तथा समाज में व्याप्त भ्रांतियों और वर्जनाओं को समाप्त करना है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 की थीम “पीरियड फ्रेंडली वर्ल्ड” है, जिसका लक्ष्य माहवारी को स्वास्थ्य का सामान्य हिस्सा मानते हुए सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार करना है। उन्होंने मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि सैनिटरी पैड या मेंस्ट्रुअल कप को हर 4 से 6 घंटे में बदलना चाहिए। पुराने एवं अस्वच्छ कपड़ों के उपयोग से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। साथ ही नियमित स्नान, व्यक्तिगत स्वच्छता और हाथों की सफाई पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी गई। शरीर में रक्त की कमी से बचाव के लिए हरी सब्जियों, फलों एवं आयरन युक्त आहार के सेवन की भी जानकारी दी गई।

महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने कहा कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य मासिक धर्म को लेकर समाज में फैली झिझक और अंधविश्वास को समाप्त करना है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह निषेध, महिला हेल्पलाइन 181 और सखी वन स्टॉप सेंटर की सेवाओं की विस्तृत जानकारी भी छात्राओं को दी। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर माहवारी स्वच्छता से जुड़े संदेशों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया। साथ ही छात्राओं के बीच सैनिटरी नैपकिन का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की दर्जनों छात्राओं एवं अन्य कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही।