बढ़ती गर्मी को लेकर प्रशासन सतर्क, लू से बचाव के लिए जारी की एडवाइजरी
- Post By Admin on Apr 01 2026
लखीसराय : जिले में बढ़ती गर्मी और संभावित लू को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा के लिए व्यापक जागरूकता अभियान शुरू किया है। प्रशासन ने नागरिकों से लू से बचाव के उपाय अपनाने और सतर्क रहने की अपील की है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार अत्यधिक गर्मी के दौरान दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। यदि किसी कारणवश बाहर जाना आवश्यक हो तो सिर ढककर निकलें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी, ओआरएस या नींबू पानी का सेवन करते रहें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो।
प्रशासन ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्हें तेज धूप में जाने से बचाने और घर के अंदर ठंडे तथा हवादार स्थान पर रखने की अपील की गई है। खेतों में काम करने वाले किसानों और श्रमिकों को भी सुबह और शाम के समय कार्य करने तथा बीच-बीच में आराम करने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को चक्कर आना, तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण महसूस हों तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। ऐसी स्थिति में प्राथमिक उपचार के रूप में व्यक्ति को छायादार स्थान पर लिटाकर ठंडा पानी पिलाने और शरीर को ठंडा रखने का प्रयास करना चाहिए।
इसके अलावा बस स्टैंड, बाजार और अन्य भीड़-भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों पर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में भी बच्चों को लू से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
जिला पदाधिकारी मिथिलेश मिश्र ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सावधानी और जागरूकता ही लू से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। साथ ही प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि किसी भी आपात स्थिति में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह उपलब्ध रहें, ताकि जनहानि से बचा जा सके।