जुहू शूटआउट : मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हमला

  • Post By Admin on Feb 01 2026
जुहू शूटआउट : मशहूर डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हमला

मुंबई : बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता रोहित शेट्टी के आवास के बाहर शनिवार को फायरिंग की घटना से सनसनी फैल गई। यह घटना मुंबई के जुहू इलाके में हुई, जिसे शहर के सबसे हाई-प्रोफाइल और सुरक्षित माने जाने वाले इलाकों में गिना जाता है। फायरिंग की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने रोहित शेट्टी के जुहू स्थित टॉवर के बाहर चार राउंड गोलियां चलाईं। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घबरा गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, स्थानीय थाने की टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया गया।

घटना के बाद रोहित शेट्टी के आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है और हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस फायरिंग में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार रोहित शेट्टी और उनका परिवार पूरी तरह सुरक्षित हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच को भी जांच में शामिल किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच ने 12 विशेष टीमों का गठन किया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है। इसके साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।

मुंबई पुलिस का कहना है कि फिलहाल इस फायरिंग के पीछे का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच के सभी पहलुओं पर काम किया जा रहा है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने रोहित शेट्टी के घर को ही निशाना क्यों बनाया। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।